Friday, November 13metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मुंबईः डूबी नाव के छात्रों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन

मुंबई
महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानु तट में स्कूली बच्चों को पिकनिक ले जा रही एक निजी नौका डूब गई थी। इस घटना के एक दिन बाद रविवार को भी लापता छात्रों को तलाशने के लिए अभियान जारी रहा। तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि कल 35 छात्रों की गणना की गई थी, लेकिन छात्रों की कुल संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। तट रक्षक बल के हेलीकॉप्टर ने दहानु खाड़ी के आसपास के पानी में खोज करने के लिए उड़ान भरी। उन्होंने बताया कि एक दूसरे हेलीकॉप्टर की मदद भी तलाशी अभियान में ली जायेगी।

दहानु में तट रक्षक बल का स्टेशन स्थानीय प्रशासन और स्कूल स्टाफ के साथ समन्वय कर रहा है ताकि छात्रों की सटीक संख्या की पुष्टि हो जाए। पुलिस ने पहले बताया था कि करीब 40 छात्रों को ले जा रही एक निजी नौका के कल डूबने से तीन लड़कियों की मौत हो गई थी और पांच अन्य के लापता होने का अंदेशा है।

पालघर पुलिस ने कल देर शाम नौका के मालिक समेत तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने कल कहा था कि 32 छात्रों को बचा लिया गया है और लापता छात्रों को ढूंढने का अभियान जारी है। तटरक्षक बल और स्थानीय मछुआरे समुद्र में हैं।

पालघर के पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ सिंगे ने बताया कि सोनल भगवान सुरती, जान्हवी हरीश सुरती और संस्कृति मायावंशी के शवों को बरामद कर लिया गया है। सभी की उम्र 17 वर्ष है। ये तीनों दहानु अंबेडकर नगर इलाके की रहने वाली थी। सिंगे ने बताया कि निजी नौका दहानु क्वींन दहानु के परनाका के पोंडा स्कूल और जूनियर कॉलेज के छात्रों को ले जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *