Saturday, May 16metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

पति को खोया, बहादुर पत्नी ने बदमाशों को नहीं छोड़ा

नई दिल्ली
जेबकतरों ने एक महिला के पति पर चाकू से हमला किया, वह जख्मी हो गए। महिला ने हिम्मत नहीं हारी और एक जेबकतरे को दबोच लिया। ये सब सुप्रीम कोर्ट के नजदीक प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। मौके से फरार हो रहे दूसरे बदमाश को लोगों ने धर दबोचा। तीसरे को देर रात पुलिस ने पकड़ लिया। चाकू से जख्मी हुए महिला के पति ने सोमवार सुबह इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में मर्डर केस दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी मधुर वर्मा के मुताबिक वेस्ट दिल्ली के निलोठी गांव के रहने वाले अमरजीत (25) मजदूर थे। रविवार को वह अपनी पत्नी मंजू (22) के साथ चिड़ियाघर आए थे। शाम को दोनों अपने घर लौट रहे थे। प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन जाने के लिए दोनों ने मथुरा रोड से एक क्लस्टर बस पकड़ी। उसी दौरान तीन चार जेबकतरे भी इनके पीछे हो लिए। प्रगति मैदान के पास जब अमरजीत बस से उतर रहे थे, उसी दौरान बदमाश भी उन्हें धक्का देते हुए उतरने लगे।

इसी बीच एक बदमाश ने उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। अमरजीत को पता चला गया। उन्होंने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश ने अमरजीत को चाकू मार दिए। यह देखकर मंजू ने शोर मचा दिया। बदमाश भागने लगे, तो मंजू भी उनके पीछे दौड़ पड़ीं और चाकू मारने वाले बदमाश को धर दबोचा। एक को भीड़ ने दबोच लिया, दो मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बदमाशों को हिरासत में ले लिया। अमरजीत को आरएमएल हॉस्पिटल ले जाया गया। सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

डीसीपी के मुताबिक, अमरजीत को चाकू मारने वाला बदमाश सूरज है, पकड़ में आया दूसरा बदमाश सुमित है। उनसे पूछताछ कर देर रात पुलिस ने उनके तीसरे साथी अजीत को भी धर दबोचा। ये सभी शाहदरा इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब इनका आपराधिक बैकग्राउंड चेक किया, तो सूरज के खिलाफ आर्म्स ऐक्ट का और अजीत के खिलाफ पिक पॉकेटिंग के चार मामलों का पता चला। पुलिस अब इनके चौथे साथी को तलाश रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *