Saturday, September 21metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

पार्टी करने की बात कहकर घर से निकला था पुलिसकर्मी का बेटा, संदिग्ध हालत में मिला शव

मुंबई
मुंबई में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने की बात कहकर घर से निकले एक 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया गया है। पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान अथर्व शिंदे के रूप में हुई है जो कि मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में तैनात नरेंद्र शिंदे के बेटे हैं। बताया जा रहा है कि अथर्व के शव को मुंबई की आरे कॉलोनी के पास स्थित एक झील के पास से बरामद किया गया है, जिसके बाद पुलिस की जांच में उनकी हत्या होने का शक जताया जा रहा है। अथर्व का शव बरामद होने के बाद उनके पिता नरेंद्र शिंदे ने बताया कि अथर्व सोमवार रात अपनी एक दोस्त के साथ आरे कॉलोनी में आयोजित एक पार्टी में जाने की बात कहते हुए घर से निकले थे। इस पार्टी में जाने के बाद अथर्व ने अपने घर पर एक मैसेज करके कहा था कि वह रात को अपने दोस्तों के साथ आरे कॉलोनी के एक घर में ही रुकेंगे। परिवार के लोग अथर्व के इस फैसले पर राजी तो हो गए लेकिन इसके बाद मंगलवार सुबह उनके पिता नरेंद्र ने उन्हें चेक करने के लिए फोन किया। इस दौरान अथर्व का फोन ना उठ पाने के कारण नरेंद्र को चिंता हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने ऑफिस पहुंचकर एक बार फिर अथर्व को फोन किया। इस बार जब फोन ना उठा तो नरेंद्र ने बेटे अथर्व के दोस्तों से पार्टी की जगह और अथर्व के बारे में जानकारी ली। इसके बाद नरेंद्र अपने कुछ दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ पार्टी की जगह पर पहुंचे, जहां सभी ने अथर्व की तलाश शुरू की। इस दौरान नरेंद्र उस बंगले पर भी गए जहां पार्टी को आयोजित किया गया था, लेकिन यहां भी अथर्व का पता नहीं चल सका।

झील के पास संदिग्ध हालत में मिला शव
अथर्व की गुमशुदगी से घबराए नरेंद्र और उनके परिवार के लोगों ने पार्टी स्थल के आसपास के जंगलों में भी उनकी तलाश शुरू की जिसके बाद बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे संदिग्ध अवस्था में अथर्व के शव को एक झील के पास से बरामद किया गया। शव की बरामदगी के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शरीर पर मिले चोट के निशान, मारपीट का शक
पोस्टमॉर्टम के बाद आई रिपोर्ट के बारे में बताते हुए मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अथर्व के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह पता चला है कि अथर्व की हत्या आधी रात से सुबह 10 बजे के बीच की गई है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस को इस बात का शक है कि अथर्व की हत्या करने वाले आरोपी ने नशे में उससे झगड़ा किया था, जिसके बाद अथर्व ने भागने की कोशिश की और पकड़ा गया। इस शक के आधार पर पुलिस अब शव की बरामदगी वाले स्थान के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।

सोशल मीडिया अकाउंट खंगालने में जुटी पुलिस
वहीं अब तक हुई जांच के बारे में बताते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि शुरुआती तफ्तीश में पार्टी में 20 से 25 लोगों के शामिल होने की बात पता चली है और इन सब की उम्र 18 से 22 साल के बीच होने का शक है। अधिकारी ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस अथर्व के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही उसके सोशल मीडिया अकाउंट और फोन की डिटेल्स भी खंगाली जा रही है। बता दें कि 21 साल का अथर्व अपने मां-बाप की एकलौती संतान था और वह फिलहाल पुणे के एक कॉलेज से साउंड इंजिनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।

Spread the love