Thursday, September 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

सीरियल रेपिस्ट के चंगुल से बची नाबालिग लड़की

नालासोपारा : गुरुवार को नालासोपारा पूर्व के शिर्डी नगर इलाके से नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद आचोले रोड इलाके में ऐसी ही घटना की पुर्नावृति की कोशिश की गई। एक सप्ताह में दो घटना सामने आने के बाद सीरियल रेपिस्ट ने पालघर पुलिस की नींद उड़ा दी है। हालांकि तुलिंज पुलिस ने पहली वारदात के बाद आरोपी का स्कैच व सीसीटीवी फुटेज के पोस्टर जारी कर चुकी है। बावजूद इसके, अपराधी बिना डरे नाबालिग लड़कियों को अपना निशाना बना रहा है। दूसरे मामले में पीड़िता ने पोस्टर से आरोपी की पहचान की है। इस बीच आरोपी द्वारा नवी मुंबई, ठाणे व पालघर में 12 से अधिक मामलों को अंजाम देने की बात सामने आई है। आरोपी के हैरतअंगेज तरीके से वारदात को अंजाम देने से जहां पुलिस परेशान है, लोग भी हैरान हैं। फिलहाल तुलिंज पुलिस धारा 363, 366अ, 376,(3) 506 पोक्सो 4,7,8 व 354, 506, पोक्सो, 8, 12 के तहत मामला दर्जकर आरोपी की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व के श्रीराम नगर इलाके की रहने वाली 15 वर्षीया लड़की ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे वह दुकान से घर जा रही थी। तभी एक अज्ञात युवक उसे मिला और बोला, ‘तुम्हारे पिताजी का पत्र आया है, जो उन्होंने तुम्हें देने को कहा है। तुम मेरे साथ चलो।’ लड़की उसकी बातों में आ गई। वह लड़की को आचोले तालाब के पास स्थित एक इमारत में ले गया। लेकिन इमारत का टेरेस बंद होने के कारण वह लड़की को आसपास की इमारतों में घुमाने लगा। इस तरह वह लड़की को 7 से 8 इमारतों में ले गया, लेकिन सभी इमारतों के टेरेस पर ताला लगा था। आखिरी में वह लड़की को एवरशाइन स्थित एक इमारत के टेरेस के गेट पर ले गया और लड़की को कीड़े का डर दिखाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। लड़की चिल्लाने लगी तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। किसी तरह लड़की बचकर घर पहुंची और सारी बातें अपनी मां को बताई। इसके बाद देर रात तुलिंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहली घटना वाले पोस्टर से मिलता जुलता है।
गौरतलब है कि गत गुरुवार को शिर्डी नगर इलाके में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी के घर पर इसी तरह 25 से 30 वर्षीय एक युवक आया और बोला कि तुम्हारे पिताजी ने सामान लेने के लिए बुलाया है। तुम मेरे साथ चलो। लड़की उसकी बातों में आ गई और उसके साथ चली गई। युवक उसे नालासोपारा पूर्व के शंखेश्वर नगर स्थित एक इमारत की छत पर ले गया और वहां उसने लड़की को कुत्ते व कीड़े का डर दिखाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। साथ ही पीड़िता को पत्थरों से कुचलकर मार देने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गया था।

Spread the love