Thursday, September 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

लोकसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों का जोरशोर से प्रचार शुरू

मुंबई : लोकसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने जोरशोर से प्रचार शुरू कर दिया है। दक्षिण मुंबई से शिवसेना-भाजपा युती के उम्मीदवार और मौजूदा सांसद अरविंद सावंत ने मुंबादेवी मंदिर में मत्था टेककर सोमवार से प्रचार शुरू कर दिया है, तो मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा की प्रचार यात्रा भी शुरू हो चुकी है। 2014 में जहां डोर-टू-डोर कैंपेन का बोलबाला था, तो 2019 में इस पारंपरिक प्रचार के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी प्रचार जोरशोर से शुरू है। दोनों ही प्रत्याशियों ने अब तक किए गए प्रचार और जनसभाओं में दक्षिण मुंबई में चाल में रहने वालों को लुभाने का प्रयास किया है। इस कड़ी में अरविंद सावंत ने 30 मार्च को ट्वीट करते हुए बताया है कि लोकसभा में शिवड़ी बीडीडी चाल के मुद्दे को उन्होंने उठाया है। इस मामले में उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से किए गए प्रश्न का विडियो पोस्ट किया है। वहीं, मिलिंद देवड़ा ने 31 मार्च को महालक्ष्मी स्थित दयासागर स्लम का विडियो पोस्ट करते हुए हर एक रहिवाशी को स्थाई तौर पर 500 वर्गफुट के घर देने का वादा किया है। स्थानीय लोगों की मानी जाए, तो इस ‘चाल’बाजी में शिवसेना सांसद अरविंद सावंत का पलड़ा थोड़ा भारी है। क्योंकि अधिकांश चाल में मराठी वोटर्स हैं जिन पर शिवसेना की शुरू से ही मजबूत पकड़ रही है।

Spread the love