Saturday, September 21metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

लोकल ट्रेन में पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमला, ४ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई : मुंबई की लोकल ट्रेन में काम से घर लौट रहे पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ चार लोगों के मारपीट करने का मामला सामने आया है। कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया है कि जब वह लोकल में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे तभी चार लोगों ने उन पर हमला किया। उनके माथे पर चोट आई है और वह अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जीआरपी के मुताबिक मुंबई के कल्याण स्टेशन पर रात साढ़े ११ बजे के आस-पास जब कॉन्स्टेबल तानाजी येलुरवाड लोकल में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे तभी ४ लोग उन्हें पीछे से धक्का देने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तब आरोपियों ने उन पर कथित तौर पर हमला बोल दिया। इसके बाद येलुरवाड ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक ने उनके सिर पर मेटल ब्रेसलेट से प्रहार किया। उनके माथे से खून बहने लगा। इसके बाद साथी यात्रियों ने उन्हें कम्पार्टमेंट से नीचे उतरने में मदद की।
येलुरवाड को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उनके सिर पर दो टांके लगे हैं। आरोपियों की पहचान अनिकेत जायसवाल, प्रशांत राजे और दो नाबालिगों के रूप में हुई है। सभी चारों आरोपियों के खिलाफ सेक्शन ३२४, ५०४ और सेक्शन ३४ के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर और उन्हें नोटिस थमाकर वापस भेज दिया है। कल्याण जीआरपी के पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है और अब इसकी जांच की जा रही है।

Spread the love