Thursday, September 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व सीएम अशोक चव्हाण पर कसा तंज

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर तंज कसा। देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अशोक चव्हाण अपनी रैलियों में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के नेताओं और अन्य लोगों को किराए पर ला रहे हैं। फडणवीस ने राज ठाकरे की एमएनएस के बारे में कहा कि उसके पास अपने उम्मीदवार हैं ही नहीं इसलिए उसके नेता किराए पर जा रहे हैं। नांदेड़ में एक रैली को संबोधित करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘नांदेड़ में बीजेपी-शिवसेना के पक्ष में जनता का मूड ऐसा है कि कांग्रेस के अशोक चव्हाण को किराए पर लोग लाने पड़ रहे हैं। हम किराए पर टेंट और कुर्सियां लाते हैं लेकिन शुक्रवार को अशोक चव्हाण की रैली में किराए पर नेता आए थे। इसका क्रेडिट चव्हाण को जाना चाहिए।’
फडणवीस ने राज ठाकरे की एमएनएस पर हमला बोलते हुए कहा, ‘पहले एमएनएस का नाम महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना था लेकिन अब वह मतदार नसलेली सेना (मतदाता नही सेना) बन गई है। अब यह यूएनएस यानी उम्मीदवार नहीं सेना बन गई है।’ बता दें कि नांदेड़ को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण खुद इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 2014 में भी चव्हाण ने इस सीट पर बीजेपी के डीबी पाटिल को हाकर चुनाव जीता था।
इस बार बीजेपी ने इस सीट से प्रताप पाटिल चिखलिकर को मैदान में उतारा है। इन दोनों के अलावा 14 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। इस सीट पर दूसरे चरण में यानी 18 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

Spread the love