Saturday, October 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

फोनी तूफान पीड़ितों को मुंबई से भेजी गई राहत सामग्री

मुंबई : मुंबई में रह रहे लाखों उड़िया प्रवासी और देश के अन्य प्रवासियों की अथक मेहनत से अब फोनी समुद्री तूफान से पीड़ित ओडिशावासियों को राहत सामग्री भेजी जाने लगी है। पिछले दिनों 12,000 लीटर पानी की बोतलें रवाना की गई थीं। इसी कड़ी में शुक्रवार शाम 5 बजे नवी मुंबई शहर के केरल भवन से 25 टन खाद्य राहत सामग्री व अन्य सामग्री संग्रहित करके 18 पहियों वाले ट्रक से रवाना कर दी गई।

पेशे से सीए आर.के. महापात्रा ने बताया कि प्रवासी उड़िया समाज की तरफ से तीन चरणों में सहायता करने की योजना बनाई है। इसमें एक तात्कालिक सहायता, दूसरी विस्तारित सहायता, तीसरी लंबे समय के लिए सहायता है। तात्कालिक सहायता अभियान में 12,000 लीटर पानी की बोतलें तूफान के 12 घंटे के भीतर रवाना की गई थीं। विस्तारित सहायता में 20 टन खाद्य व अन्य सामग्री भेजने का लक्ष्य रखा था, लेकिन सहायता अधिक मिलने से 25 टन सामग्री भेजी है। लंबे समय की सहायता में ऐसे गांव को गोद लेंगे, जो तूफान में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।

उद्योगपति रामप्रसाद मुदुली ने बताया कि ओडिशा के वीर शिवाजी कहे जाने वाले वीरशिरोमणि उत्कलमणि गोपबंधु दाश का मूल गांव इस तूफान में बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। यह गांव पुरी शहर से 25 किलोमीटर है। इसे गोद लेने की योजना बना रहे हैं। मुदुली ने बताया कि तूफान पीड़ितों के लिए मुंबई व नवी मुंबई पुलिस ने भी बहुत सहयोग दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ितों की मदद करने के लिए मुंबई के प्रवासी उड़िया समाज हर स्तर की मदद करना चाह रहा है, पर दुर्भाग्य से ओडिशा राज्य सरकार अज्ञात कारणों से सहायता लेने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं है।

Spread the love