Friday, September 20metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

दुनिया के सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाले 403 शहरों में मुंबई नंबर-1, दिल्ली चौथे स्थान पर

नई दिल्ली. मुंबई दुनिया का सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव झेलने वाला शहर है। यह बात 56 देशों के 403 शहरों के ट्रैफिक और भीड़भाड़ पर तैयार की गई रिपोर्ट में सामने आई। मुंबई में पीक आवर्स में लोगों को लक्ष्य तक पहुंचने में 65% ज्यादा वक्त लगता है। इस सूची में 58% के साथ दिल्ली चौथे नंबर पर है। यह रिपोर्ट लोकेशन टेक्नोलॉजी कंपनी टॉमटॉम ने तैयार की है। जो एपल और उबर के लिए नक्शे तैयार करती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रैफिक दबाव के मामले में कोलम्बिया की राजधानी बोगोटा (63%) दूसरे, पेरू की राजधानी लीमा (58%) तीसरे और रूस की राजधानी मॉस्को (56%) पांचवें स्थान पर है।
ट्रैफिक में अतिरिक्त समय के आधार पर रिपोर्ट
कंपनी ने यह रिपोर्ट सबसे ज्यादा ट्रैफिक के दौरान लोगों को कितना अतिरिक्त समय लगता है, उसके आधार पर तैयार की है। टॉमटॉम के जनरल मैनेजर बारबारा बेलपीयरे ने कहा कि मुंबई में औसतन 500 कारें प्रति किलोमीटर चलती हैं। यह दिल्ली से काफी ज्यादा है।
मुंबई में शाम 5 से 8 बजे के बीच सबसे ज्यादा ट्रैफिक
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में सफर के लिए सबसे अच्छा समय रात 2 बजे से तड़के 5 बजे के बीच है, इस दौरान सबसे कम ट्रैफिक होता है। यहां सुबह 8 से 10 बजे के बीच ट्रैफिक के दौरान 80% समय अतिरिक्त लगता है। जबकि शाम को 5 और 8 बजे के बीच यह बढ़कर 102% हो जाता है।

Spread the love