Wednesday, October 23metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

पिंकी की दोस्ती को प्यार समझ बैठा था सन्नी, पति भी करता था शक

चिराग दिल्ली गांव में शुक्रवार सुबह एकतरफा प्यार में पागल सनकी आशिक द्वारा महिला पिंकी को मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। आरोपी सन्नी पिंकी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की थी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और आरोपी ने शुक्रवार को महिला की हत्या कर दी।
पिंकी के परिजनों के मुताबिक, रविंद्र व पिंकी खामपुर रहने गए थे। वहां रविंद्र की दोस्ती सन्नी से हो गई। पिंकी ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और काम से लौटकर रविंद्र और सन्नी के लिए खाना बनाती थी। इस दौरान सन्नी की पिंकी से भी दोस्ती हो गई थी, जिसे सन्नी प्यार समझ बैठा। सन्नी ने पिंकी पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन पिंकी ने मना कर दिया। पिंकी ने रविंद्र को यह बात बताई और दोनों ने घर बदल लिया। फिर भी सन्नी उसे परेशान करता रहा तो रविंद्र ने दो माह पहले उसके खिलाफ मालवीय नगर थाने में शिकायत कर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
हत्या से पहले फोन पर झगड़ा हुआ : पिंकी के पड़ोसियों की मानें तो शुक्रवार को हत्या से पहले पिंकी अपने घर के बाहर खड़े होकर किसी से फोन पर झगड़ा कर रही थी। जैसे ही फोन रखकर पिंकी घर में घुसी तो पीछे से सन्नी अंदर घुस गया और उसका गला रेत दिया।
पति भी शक करता था
पिंकी के परिजनों ने बताया कि रविंद्र भी पिंकी पर शक करता था, जिसके चलते वह उसके साथ मारपीट करता था। रविंद्र सन्नी के साथ सट्टा खेलता था। रविंद्र एक लाख रुपये सन्नी से हार गया था। इसी बात का फायदा उठाकर सन्नी पिंकी को परेशान करता था। पिंकी ने मायके से एक लाख रुपये लाकर सन्नी को दिए थे, इससे भी रविंद्र उससे खफा था।
घर खाली करने वाले थे
पिंकी व रविंद्र आरोपी सन्नी से परेशान होकर फिर से अपने घर वालों के साथ रहना चाहते थे। दंपति किराए काघर 1 जुलाई को खाली कर परिजनों के साथ रहने के लिए जाने वाला था।

Spread the love