Wednesday, October 23metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

अशोक चव्हाण के बाद मिलिंद देवड़ा का भी इस्तीफा

मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उनका इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद पार्टी में शुरू हुई इस्तीफों की मुहिम की एक कड़ी माना जा रहा है। इससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
मिलिंद देवड़ा को लोकसभा चुनाव के महीने भर पहले ही मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन उनके नेतृत्व में मुंबई से कांग्रेस का एक बार फिर सूपड़ा साफ हो गया है। लगातार दूसरे लोकसभा चुनाव में मुंबई की सभी छह सीटें भाजपा-शिवसेना गठबंधन की झोली में गई हैं। यहां तक कि मिलिंद देवड़ा खुद अपनी सीट निकालने में भी असफल रहे। 26 जून को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक में उन्होंने अपना पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। मिलिंद के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने राज्य प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अखिल भारतीय कांग्रेस समिति को अपने इस्तीफे की जानकारी दे दी है। मिलिंद का इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे के प्रति सामूहिक मजबूती दिखाने का प्रयास माना जा रहा है। दूसरी ओर, मिलिंद समर्थक कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मिलिंद देवड़ा भविष्य में राष्ट्रीय राजनीति में कोई भूमिका निभाते दिखाई दे सकते हैं। उन्हें अनुमान है कि कांग्रेस को मजबूती देने के लिए जल्दी ही अखिल भारतीय कांग्रेस समिति का पुनर्गठन होगा, जिसमें नए एवं युवा नेताओं की भूमिका बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में महाराष्ट्र से केंद्रीय राजनीति में जानेवाले नेताओं में मिलिंद देवड़ा का नाम अग्रिम पंक्ति में माना जा रहा है। फिलहाल देवड़ा ने मुंबई कांग्रेस का कामकाज देखने के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं की एक समिति बनाने का सुझाव दिया है।

Spread the love