Friday, September 20metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

आरे को बचाने सामने आए आदित्य ठाकरे, सीएम को चुनौती

मुंबई : आरे की हरियाली बचाने के लिए शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे मैदान में कूद पड़े हैं। उन्होंने सीधे-सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती दी है। उनका कहना है कि आरे को हाथ लगाया तो सहन नहीं करेंगे। मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए आदित्य ठाकरे ने आरे में मेट्रो-3 का कारशेड बनाने का विरोध किया। इस मौके पर उन्होंने आरे कॉलोनी व आसपास रहने वाले वन्य जीवों के अस्तित्व पर प्रजेंटेशन भी दिया। लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका मेट्रो का विरोध नहीं है। आदित्य ने सवाल उठाया कि विशेषज्ञों की दी रिपोर्ट को रद्द कर एमएमआरसीएल क्या देश का पर्यावरण मंत्रालय चला रहा है। मेट्रो हम सभी को चाहिए, लेकिन एमएमआरडीए की यह जो दादागीरी और मनमानी चल रही है, वह सही नहीं है। आरे को हाथ लगाया गया, तो हम सहन नहीं करेंगे। वहां की हरियाली खत्म कर मुंबई को नष्ट नहीं होने देंगे। उन्होंने सरकार और एमएमआरसीएल से कहा कि वे लोगों की आवाज को सुने, यहां सिर्फ 2700 पेड़ों का प्रश्न नहीं है यह इससे आगे का मामला है। आदित्य से पहले आरे में मेट्रो कारशेड का मनसे, राकांपा और कांग्रेस ने भी विरोध किया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आरे में कारशेड के लिए पेड़ों की कटाई का समर्थन किया है। अब युवा सेना अध्यक्ष आदित्य ठाकरे ने वहां पेड़ों की कटाई का जोरदार विरोध किया है। चुनाव से ऐन पहले मामला गरम हो चला है।

Spread the love