Friday, September 20metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मातोंडकर के इस्‍तीफे पर बोले मिलिंद देवड़ा- उत्‍तरी मुंबई के नेता जिम्‍मेदार

मुंबई : बॉलिवुड ऐक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर के कांग्रेस से इस्‍तीफा पर पार्टी में मची तकरार थमने का नाम नहीं ले रही है। अब मुंबई कांग्रेस के पूर्व चीफ मिलिंद देवड़ा ने अपने प्रतिद्वंद्वी संजय निरुपम पर निशाना साधा। देवड़ा ने उर्मिला को साथ देते हुए कहा कि पार्टी के ही कुछ लोगों ने उनके (उर्मिला) साथ धोखा किया। बता दें कि उर्मिला ने इस्‍तीफा देते हुए कहा था कि वह मुंबई कांग्रेस में छिड़ी अंदरूनी लड़ाई की वजह से ऐसा कर रही हैं। पूर्व एमपी मिलिंद देवड़ा ने उर्मिला के इस्‍तीफे लिए उत्‍तरी मुंबई के कांग्रेस नेताओं को जिम्‍मेदार ठहराया है। देवड़ा ने ट्वीट किया, ‘जब उर्मिला ने उत्‍तरी मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया, मैंने मुंबई कांग्रेस प्रेजिडेंट के तौर पर उनके चुनाव अभियान का पूरे दिल से समर्थन किया था। मैं उस समय भी उनके साथ खड़ा रहा जब उन लोगों ने भी उन्‍हें धोखा दिया जो उन्‍हें पार्टी में लाए थे। मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि उत्‍तरी मुंबई के नेताओं को जिम्‍मेदार ठहराया जाना चाहिए।’
हालांकि देवड़ा ने किसी का नाम नहीं लिया है लेकिन माना जा रहा है कि उनके निशाने पर संजय निरुपम ही हैं। संदेश कोंडविलकर और भूषण पाटिल, जिन पर उर्मिला ने अपने चुनाव अभियान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है, निरुपम के विश्‍वसनीय सहयोगी हैं। उर्मिला ने मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से बतौर कांग्रेस कैंडिडेट चुनाव लड़ा था लेकिन चुनाव में उन्हें बीजेपी के नेता गोपाल शेट्टी से करारी शिकस्त मिली थी।
साल 2019 में निरुपम ने संसदीय क्षेत्र बदल लिया और वह उत्‍तर पश्चिम मुंबई से चुनावी मैदान में खड़े हुए। उर्मिला ने ऐन लोकसभा चुनावों से पहले ही कांग्रेस जॉइन की थी, वह उत्‍तरी मुंबई से खड़ी हुईं। साल 2019 में कांग्रेस मुंबई की सभी सीटों पर हार गई थी।
पूर्व मुंबई कांग्रेस प्रमुख निरुपम ने उर्मिला के इस्‍तीफे पर ट्वीट करते हुए कहा, ‘हार मानने की जगह हमें लड़ना चाहिए। मैंने उर्मिला मातोंडकर को बहुत पहले ही आगाह कर दिया कि वह इसमें न पड़ें और धैर्य रखें।’ निरुपम ने उर्मिला के इस्‍तीफे को दुर्भाग्‍यपूर्ण बताते हुए उनसे इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था।

Spread the love