Friday, October 25metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

रिश्ता तय होने से पहले ही साईं मंदिर परिसर में प्रेमी युगल की हत्या

गाजियाबाद : साईं उपवन मंदिर परिसर में हुए दोहरे हत्याकांड की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस एकतरफा प्यार को वजह मान रही है, क्योंकि प्रेमी युगल का रिश्ता तय होने से पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई है।

विजयनगर के सर्वोदय नगर में रहने वाला अन्नू चौहान (26) ने चार साल पहले ही उत्तराखंड के गांव दिहाड़ से गाजियाबाद में आकर शीशे का काम शुरू किया था। हाल ही में प्रीति उर्फ गोलू (30) के साथ उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अन्नू के पिता कुशाल सिंह के अनुसार परिवार में एक बुजुर्ग को छोड़कर सभी को यह रिश्ता मंजूर था। बुधवार को प्रीति के परिजन उनके घर पर रिश्ता तय करने के लिए आने वाले थे। घटना से युवक और युवती के परिजन सदमे में है। युवती के परिजन कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। हालांकि दोनों के परिजनों ने थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।

पुलिस के मुताबिक हमलावर कोई जानकार या करीबी ही है, जिसे दोनों के मंदिर जाने की बात और समय पता था। हमलावर ने पूरी तरह से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले को एकतरफा प्यार से जोड़कर देख रही है। नगर कोतवाली के अलावा साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीम छानबीन में लगी हैं।

अन्नू के पिता कुशाल सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम को उनके घर पर आई एक महिला ने जमकर हंगामा किया था। अन्नू ने महिला को कहा था कि वह जल्द ही उसके गिरवी रखे गहनों को छुड़वा देगा। मगर महिला अन्नू से अपने गहने वापस मांग रही थी। दोनों के परिजन उक्त महिला और उसके साथियों पर शक जता रहे हैं।

सीसीटीवी सही होते तो पकड़ा जाता हत्यारा

साईं उपवन मंदिर जीटी रोड पर है। मंदिर का रखरखाव नगर निगम देखता है। यहां पर आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं मगर जब पुलिस ने सीसीटीवी की पड़ताल की तो सभी कैमरे खराब निकले। यदि कैमरे सहीं होते तो हत्यारा पुलिस की पकड़ में होता।

”दोहरे हत्याकांड की जांच कई बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। प्रेमी युगल के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली हैं। एकतरफा प्यार की लाइन पर भी काम किया जा रहा है।” -श्लोक कुमार, एसपी सिटी

अन्नू से चार साल बड़ी थी प्रीति

पुलिस के अनुसार, अन्नू और प्रीति की उम्र में चार साल का अंतर था। अन्नू से प्रीति चार साल बड़ी थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि युवती की उम्र ज्यादा होने के कारण उसका पहले भी कोई प्रेमी रहा हो, जिसने वारदात को अंजाम दिया है। प्रीति वैशाली के वनस्थली स्कूल में यूनिफार्म के स्टॉल पर काम करती थी। मंदिर में मौजूद पुजारी के साले शिवम के मुताबिक पौने आठ बजे दोनों लाल रंग की स्कूटी से मंदिर पहुंचे। 10 मिनट बाद ही पूजा कर लौट रहे थे तभी एक युवक ने उन पर गोलियां बरसा दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से मंदिर परिसर गूंज उठा। मामले में कुशाल सिंह ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पिता को रास्ते में मिली बेटी की हत्या की सूचना

प्रीति के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि वह एक बेटी की शादी कर चुके हैं। छोटी बेटी प्रियंका भी प्रीति के साथ एक स्कूल में ही काम करती है। प्रमोद किसी काम से सुबह ही बुलंदशहर के लिए निकले थे। बस लालकुआं ही पहुंची थी कि हत्या की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि प्रीति की साईं भगवान पर अटूट आस्था थी। वह अक्सर उनके दर्शन को आती थी।

सेना में थे युवक के पिता : अन्नू के पिता कुशाल सिंह सेना से रिटायर्ड हैं। वह उत्तराखंड में पोल्ट्री फार्म चलाते थे। अन्नू के कहने पर वह काम बंद कर पत्नी राजकुमारी के साथ डेढ़ माह पहले विजयनगर आ गए थे। अन्नू सोमवार सुबह साढ़े सात बजे प्रीति के साथ मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुशाल सिंह ने बताया कि अन्नू परिवार में सबसे छोटा बेटा था। उनका बड़ा बेटा सुधीर हरिद्वार में साइबर कैफे चलाता है, जबकि चार बेटियों की शादी हो चुकी है। सभी को अन्नू और प्रीति के संबंधों के बारे में पता था और दोनों परिवार फोन पर ही शादी की चर्चा कर चुके थे।

Spread the love