Friday, October 25metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 6 साल की बच्ची का अपहरण कर किया दुष्कर्म

नालासोपारा (मुंबई) : तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के संतोष भुवन इलाके में इंसानियत को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात शख्स ने 6 वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया है। पीड़ित बच्ची को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद बुधवार की दोपहर पीड़ित बच्ची के परिजन के साथ सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और पुलिस चौकी का घेराव कर जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने दुकानें बंद करा दीं। हालांकि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 363, 376, पॉक्सो ऐक्ट 4, 8, 12 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीनियर पीआई डेनियल बेन ने बताया कि संतोष भुवन इलाके से सोमवार की रात एक 6 वर्षीय बच्ची का अपहरण हो गया था। पुलिस की एक टीम अपहृत बच्ची की तलाश में लगी हुई थी। साथ ही बच्ची के परिजन भी उसकी खोजबीन कर रहे थे। मंगलवार की सुबह बच्ची की मां ने उसे वालीव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के हवईपाडा स्थित एक आम की वाडी में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसके साथ किसी आदमी ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने बच्ची को तत्काल मेडिकल चेकअप के लिए मुंबई के एक अस्पताल में भेज दिया। पीड़ित बच्ची काफी घबराई व डरी हुई थी।
बुधवार दोपहर स्थानीय लोगों की भीड़ संतोष भुवन स्थित पुलिस चौकी पहुंची और घेराव कर आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए प्रदर्शन किया। लोगों ने क्षेत्र की दुकानें भी बंद कराईं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम व आरसीपी की टीम ने गुस्साए लोगों को शांत कराया। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Spread the love