Thursday, September 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मुख्यमंत्री करेंगे सदस्यता अभियान का शुभारंभ

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन पर्व सदस्यता अभियान मेले का आयोजन शनिवार 6 जुलाई को शाम 6 बजे रंगशारदा सभागृह बांद्रा पश्चिम में आयोजित किया गया है। सदस्यता अभियान का शुभारंभ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस करेंगे। इस मौके पर प्रमुख अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और महाराष्ट्र भाजपा प्रभारी सरोज पांडे उपस्थित रहेंगी। पिछली बार भाजपा ने महाराष्ट्र में कुल 1 करोड़ 7 लाख सदस्य बनाए थे, इस बार के सदस्यता अभियान में कम से कम 20 प्रतिशत सदस्यों की बढ़ोतरी का लक्ष्य है, इस तरह महाराष्ट्र में 25 लाख नए सदस्य बनाए जाएंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन 6 जुलाई से अभियान की शुरुआत होगी और यह 10 अगस्त तक चलेगा। अभियान की शुरुआत 6 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। भाजपा की कोशिश हर समुदाय को पार्टी से जोड़ने की होगी। इसके लिए मिस्ड कॉल के साथ-साथ ऑफलाइन फॉर्म भी भरवाए जाएंगे।
पार्टी ने हर बूथ पर कम से कम 25 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। पिछले दिनों मुंबई दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि पार्टी इस बार अपनी सदस्यता संख्या 16 करोड़ तक करने जा रही है। उनका कहना था कि कम से कम 20 प्रतिशत सदस्यों की बढ़ोतरी का हमारा लक्ष्य है, लेकिन हमारे कार्यकर्ता 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के लिए तैयार है। भाजपा अपने सदस्यता अभियान को उन लोकसभा सीटों पर ज्यादा तरजीह दे रही है, जहां पार्टी जीत हासिल नहीं कर सकी थी। इन क्षेत्रों में भाजपा अपनी सदस्य संख्या बढ़ाकर संगठन को मजबूत करने के साथ अगले चुनावों के लिए मजबूत आधार बनाएगी। भाजपा की 2019 की लोकसभा चुनावों में जीत में एक बड़ी भूमिका पार्टी के चार साल पहले हुए सदस्यता अभियान की रही, जिसमें पार्टी देश ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी।

Spread the love