Sunday, September 22metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

जनता कल चुनेगी सरकार, यूपी समेत कई राज्यों में होगा उपचुनाव

मुंबई : महाराष्ट्र और हरियाणा में सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों ही प्रदेशों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। इसके अलावा सभी पोलिंग बूथों पर वोटिंग के लिए पर्याप्‍त प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को मतदान कराया जा सके। 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव के अलावा उत्तर प्रदेश की 18 सीटों समेत देश में कुल 51 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, 21 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की 11 सीटों समेत गुजरात की 6, बिहार की 5, केरल की 5, पंजाब की 4, असम की 4, सिक्किम की 3, राजस्थान की 2 तमिलनाडु की 2 और हिमाचल प्रदेश की 2 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके अलावा तेलंगाना, एमपी, पुडुचेरी, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और छत्तीसगढ़ की 1-1 सीट पर वोटिंग होगी। इसी दिन बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर वोटिंग कराई जाएगी।
21 अक्टूबर को एक बार फिर दो राज्यों में सत्ता पाने की कोशिश कर रही बीजेपी के भाग्य का फैसला होगा। महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीटों के लिए कुल 3,239 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सोमवार 21 अक्टूबर को राज्यभर में मतदान होगा और गुरुवार 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। राज्य में कुल 8 करोड़ 95 लाख 62 हजार 706 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव के लिए राज्य में कुल 95,473 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वोटिंग के लिए 1.8 लाख ईवीएम मशीनों का उपयोग होगा।
हरियाणा में भी इस बार चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। सीएम मनोहर लाल खट्टर एक बार फिर जहां सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगाकर चुनाव प्रचार कर चुके हैं, वहीं आंतरिक कलह से किसी तरह उबरी कांग्रेस राजनीतिक संजीवनी तलाशने में जुटी है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा इंडियन नैशनल लोकदल, जननायक जनता पार्टी और हरियाणा लोकहित पार्टी जैसे दल भी जीत के लिए जोर-आजमाइश कर रहे हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा के कई दिग्‍गज नेता चुनाव मैदान में हैं। महाराष्‍ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विजय वडेट्टीवार, एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार, जयंत पाटील और नवाब मलिक प्रमुख प्रत्‍याशियों में शामिल हैं। इसके अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और शिवसेना के आदित्य ठाकरे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। हरियाणा में मुख्‍यमंत्री खट्टर के अलावा कुमारी शैलजा, पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल विज, रणदीप सुरजेवाला और कैप्‍टन अभिमन्‍यु दिग्‍गज उम्‍मीदवार हैं। इस बार योगेश्‍वर दत्‍त, बबीता फोगाट और संदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी टिकट दिया गया है।

Spread the love