Tuesday, November 10metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

बोरीवली में 27 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई से आहत गोपाल शेट्टी ने कराया मुंडन, पीड़ितों को घर दिलाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई का लिया संकल्प

मुंबई … बोरीवली स्थित शाह बद्रे कंपाउंड के पास BEST प्रस्तावित बस डिपो के लिए निजी जमीन पर बसे 27 घरों को कथित तौर पर रात करीब 1:30 बजे बीएमसी ने नोटिस दिया और सुबह 8 बजे बुलडोजर से तोड़ दिया। आरोप है कि इस दौरान प्रभावित परिवारों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं दिया गया। जहां एक ओर बीएमसी इस भूखंड को BEST के प्रस्तावित बस डिपो के लिए आरक्षित बता रही है, वहीं गोपाल शेट्टी का दावा है कि यह निजी जमीन है और बिल्डर ने कथित तौर पर सुप्रीम कोर्ट के सामने गलत जानकारी पेश कर अदालत को गुमराह किया, जिसका खामियाजा यहां वर्षों से रह रहे लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

इस कार्रवाई के विरोध में पूर्व सांसद एवं जनसेवक गोपाल शेट्टी पहले धरने पर बैठे और पीड़ित परिवारों के पक्ष में अपनी आवाज उठाई। हालांकि, आरोप है कि इसके बावजूद बीएमसी के भ्रष्ट अधिकारियों ने जनसेवक की बात तक नहीं सुनी और तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी रखी। इससे आहत होकर गोपाल शेट्टी ने विरोध स्वरूप अपने सिर का मुंडन कराया।

मेट्रो दिनांक टीवी न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने पीड़ितों को घर दिलाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अदालत के फैसले का सम्मान और समर्थन करते हैं, लेकिन अदालती आदेश के कार्रवाई में बीएमसी और शासन-प्रशासन की भी अपनी जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थन और बीएमसी की कार्रवाई के विरोध में प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। वहीं, कुछ लोगों ने यहां तक टिप्पणी की कि उत्तर मुंबई में भाजपा का पतन शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *