Wednesday, November 25metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

सांसद रवींद्र वायकर ने पंचरत्न सोसायटी के रहवासियों को दिया न्याय का भरोसा, DGS Realty को नियमों का पालन करना ही होगा

मुंबई। मलाड पूर्व के पठानवाड़ी, दिंडोशी स्थित पंचरत्न कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के परेशान रहवासियों से उत्तर पश्चिम मुंबई के सांसद रवींद्र वायकर ने मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान रहवासियों ने DGS Realty के मालिक ईश्वर शुक्ला और उनसे जुड़े लोगों पर कथित तौर पर मनमानी, अत्याचार, जबरन घर तोड़ने, परेशान करने तथा झूठे मुकदमे दर्ज कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए। इसके साथ ही तीन मंदिरों को तोड़े जाने और उनकी मूर्तियां गायब होने की शिकायत भी सांसद के समक्ष रखी गई।

रहवासियों ने सोसायटी के आरक्षित भूखंड, 89 वर्ग मीटर के प्लॉट, DP Road, Open Garden और Market Reservation से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए। उनका कहना है कि विकास के नाम पर गरीब परिवारों को बेघर नहीं किया जाना चाहिए और MHADA के सभी नियमों एवं निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित होना चाहिए।

सांसद रवींद्र वायकर ने रहवासियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि आरक्षित भूखंड पर DP Road और Open Garden जैसी सुविधाएं लोगों को मिलनी चाहिए। Market Reservation से जुड़ी जानकारी भी उन्होंने ली है। इस संबंध में MHADA के CEO और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। जबरन घर तोड़े जाने की शिकायत पर भी DGS Realty और MHADA अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आरक्षित जगहों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही होना चाहिए। सरकार का उद्देश्य लोगों को अच्छे घर और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, न कि किसी को बेघर करना। जहां मंदिर के लिए जगह आरक्षित है, वहां मंदिर की व्यवस्था होनी चाहिए। इसी तरह यदि मार्केट का आरक्षण है तो DGS Realty को नियमानुसार मार्केट बनाकर देना होगा। विकासकों को सभी नियमों का पालन करना ही पड़ेगा, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है।

सांसद ने रहवासियों को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

गरीबों को न्याय दिलाने का आश्वासन, अब ठोस कार्रवाई का इंतजार

सांसद रवींद्र वायकर पहले भी मुंबई महानगरपालिका और विधानसभा में जनसमस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे हैं। अब लोकसभा में भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। ऐसे में पंचरत्न सोसायटी के परेशान और गरीब परिवारों को उनसे न्याय की उम्मीद है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सांसद रवींद्र वायकर अपने आश्वासन को ठोस कार्रवाई में बदल पाएंगे? क्या MHADA के अधिकारी आरक्षण और निर्माण से जुड़े नियमों का निष्पक्ष पालन कराएंगे? क्या DGS Realty पर कथित मनमानी के आरोपों की जांच होगी और मंदिरों को लेकर उठाई गई शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी?

रहवासियों की मांग है कि उन्हें उनके अधिकारों और सम्मान के साथ रहने का हक मिले। कानून और MHADA के नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। किसी भी विकास परियोजना में प्रभावित परिवारों के अधिकारों और निर्धारित आरक्षण की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

मेट्रो दिनांक के पत्रकार ने इस मामले में DGS Realty के मालिक ईश्वर शुक्ला से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। यदि वे खबर प्रकाशित होने के बाद अपना पक्ष रखना चाहते हैं, तो मेट्रो दिनांक उनके पक्ष को भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

फिलहाल पंचरत्न सोसायटी के रहवासियों की निगाहें सांसद रवींद्र वायकर के आश्वासन और MHADA प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। अब देखना यह होगा कि रहवासियों को वास्तव में न्याय मिलता है या उनकी शिकायतें केवल आश्वासन तक ही सीमित रह जाती हैं। इसका जवाब आने वाला वक्त और प्रशासन की कार्रवाई देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *