Thursday, May 21metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई… 30 किलो गांजा जब्त और 5 गिरफ्तार

नासिक: शहर पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30 किलो गांजा जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन सहित कुल 12 लाख 1 हजार 760 रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार नागरिकों के लिए शुरू किए गए व्हाट्सएप पर मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना में बताया गया था कि एक व्यक्ति होंडा सिटी कार से मुंबई-आगरा राष्ट्रीय महामार्ग मार्ग से गांजा लेकर जा रहा है। इसके बाद एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड की अधिकारी सुशीला कोल्हे के नेतृत्व में टीम ने आगरा-मुंबई महामार्ग पर अडगांव शिवार में जाल बिछाया। संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें डिक्की में खाकी रंग के टेप से पैक किए गए तीन बंडलों में कुल 30 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अरबान शकील खान मनियार (26, निवासी शिरपुर, धुले) को हिरासत में लिया। जब्त गांजे की कीमत 6 लाख 1 हजार 760 रुपए बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है।

मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की दो टीमों ने आगे की कार्रवाई करते हुए मुंबई के गोवंडी और चेंबूर क्षेत्रों से तौसीफ रहमत खान (52) और अमन शौकत शेख (24) को गिरफ्तार किया। वहीं शिरपुर, जिला धुले से विजय वाला पवारा (35) को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(बी), 20(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड द्वारा की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध), सहायक पुलिस आयुक्त संदीप मिटके, तथा एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड और क्राइम ब्रांच की टीम के मार्गदर्शन में की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *