नगरसेविका नीलम गुरव ने बिल्डर को लगाई फटकार
पीड़ित परिवारों के समर्थन में उतरीं
KANDIVALI – ESTO Group x Stable Evershine Builder पर रहिवासियों को धमकाने के आरोप! क्या Safety Rules हुए नजरअंदाज?
24 HOURS CONSTRUCTION पर उठे सवाल
मुंबई | कांदिवली पूर्व स्थित लोखंडवाला, म्हाडा रोड नंबर-1, अकुर्ली निवांत सोसायटी नंबर-5 में निर्माणाधीन इमारत के पास २५ नवंबर की रात करीब 1 बजे बड़ा हादसा हुआ। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बिल्डर द्वारा बनाई गई लोहे की पत्रे की दीवार के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण दीवार ढह गई। दीवार गिरने के दौरान लोहे के भारी हिस्से पास के मकान पर गिरे, जिससे मकान की दीवार में भी दरारें आ गईं। स्थानीय निवासी अमित कांबले ने बताया कि हादसे के बाद से उनका परिवार और आसपास के लोग डर के साये में जी रहे हैं। उन्हें आशंका है कि निर्माण कार्य के कारण उनके मकानों को और नुकसान पहुंच सकता है।
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान की जा रही खुदाई और सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही के कारण यह स्थिति पैदा हुई। उनका कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद ESTO और Stable Evershine बिल्डर के फाउंडर आदित्य पांड्या तथा संबंधित इंजीनियर घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। वहीं, बिल्डर की ओर से भेजे गए कुछ बाहरी लोगों पर पीड़ित परिवारों को धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य दिन-रात 24 घंटे जारी रहता है, जिससे उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। सोसायटी में वरिष्ठ नागरिकों के साथ 20 से 25 दिन के नवजात बच्चे भी रहते हैं। ऐसे में लगातार शोर और मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शिकायत लेकर जाने पर पुलिस इसे बीएमसी, म्हाडा और बिल्डर से जुड़ा मामला बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है। पीड़ित परिवारों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार बिल्डर, इंजीनियर और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय नगरसेविका नीलम गुरव घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बिल्डर के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाते हुए पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में रहिवासियों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बीएमसी, म्हाडा और संबंधित इंजीनियर घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण और जांच नहीं करते, तब तक निर्माण कार्य बंद रखा जाना चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
गौरतलब है कि स्थानीय लोगों के अनुसार, इस निर्माण परियोजना का भूमि पूजन 24 सितंबर को हुआ था और महज दो महीने के भीतर ही निर्माण स्थल के पास इस तरह की घटना सामने आ गई। इससे निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
निर्माण कार्य के दौरान आसपास के मकानों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित बिल्डर और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है। यदि जांच में लापरवाही के कारण लोगों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा पहुंचने की पुष्टि होती है, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, किसी की आपराधिक जिम्मेदारी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगी।
मेट्रो दिनांक के पत्रकार ने बिल्डर आदित्य पांड्या से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बिल्डर या उनकी ओर से कोई भी अधिकृत जिम्मेदार व्यक्ति अपना पक्ष रखना चाहता है तो मेट्रो दिनांक उसे भी पूरी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।
अब सवाल यह है कि क्या संबंधित प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या समय रहते इन पीड़ित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?
