Sunday, November 29metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

ठाणे में गूंज रही प्रभु श्रीराम की महिमा, उत्तर भारतीय शिवसेना संघटना की भव्य रामकथा में उमड़ रहे श्रद्धालु

ठाणे | धर्म, आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर हुआ ठाणे का कोलबाड रोड इलाका! जहां प्रभु श्रीराम के आदर्शों और रामचरितमानस की अमृतमयी कथा से श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। उत्तर भारतीय शिवसेना संगठन की ओर से ठाणे के वीर सावरकर मैदान में आयोजित भव्य रामकथा इन दिनों क्षेत्र में धार्मिक आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

21 नवंबर से प्रारंभ हुआ यह नौ दिवसीय रामकथा महोत्सव 29 नवंबर 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक काशी से पधारीं सुप्रसिद्ध मानस मर्मज्ञ एवं कथावाचिका श्रीमती सुधा पांडे अपनी ओजस्वी वाणी में रामकथा का रसपान करा रही हैं। भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, उनके आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे और शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाबचंद दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक समारोह की मुख्य आयोजक उत्तर भारतीय शिवसेना संगठन की ठाणे जिला प्रमुख श्रीमती पूजा पांडे हैं। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी एवं सहयोगी लगातार जुटे हुए हैं। वहीं, कार्यक्रम के नियोजन और व्यवस्थाओं में सचिन भोसले तथा राधिका मिश्रा महत्वपूर्ण सहयोग दे रहे हैं।

आयोजक पूजा पांडे ने समस्त रामभक्तों, महिलाओं, युवाओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामकथा श्रवण करने और इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है। रामकथा महोत्सव के समापन दिवस रविवार, 29 नवंबर को रात 9 बजे से भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *