Wednesday, August 12metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मोदी ने कभी पूछे थे पांच सवाल, अब कांग्रेस ने PM से मांगे इनके जवाब

नई दिल्ली, जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले के साथ घुसपैठ की लगातार बढ़ रही घटनाओं को बेहद चिंताजनक बताते हुए कांग्रेस ने एनडीए सरकार की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति पर गंभीर सवाल उठाये हैं। पार्टी के अनुसार सरकार पाकिस्तान की नापाक आतंकी हरकतों को रोकने में नाकाम साबित हुई है जिसकी वजह से हमारे शहीद होने वाले सैनिकों की संख्या में चिंताजनक बढ़ोतरी हो रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सरकार की रणनीति पर वार करने के साथ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पांच सवाल दागते हुए घेरने की कोशिश की है।

जम्मू-कश्मीर में तीन दिन के भीतर सुजवां सैन्य बेस और सीआरपीएफ कैंप पर बड़े आतंकी हमले के ताजा परिप्रेक्ष्य का हवाला देते हुए पार्टी ने पीएम से अपने इन सवालों का जवाब मांगा। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने पार्टी मंच से पीएम के 2014 के चुनावी भाषण के वीडियो मीडिया में जारी करते हुए सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि पीएम से देश को इस बात का जवाब चाहिए कि आतंकियों को हथियार, अस्त्र-शस्त्र और गोला बारुद कहां से आते हैं जब देश की पूरी सीमा आपके कब्जे में है। कांग्रेस की ओर से दूसरा सवाल यह पूछा गया कि जब रिजर्व बैंक, बैंक से लेकर पूरी वित्तीय प्रणाली सरकार के नियंत्रण में तो फिर आतंकियों को धन कहां से व कैसे आते हैं और इसे अभी तक क्यों नहीं रोका गया है। सिंघवी ने पार्टी की ओर से तीसरा सवाल उठाते हुए कहा कि जब तटीय सुरक्षा से लेकर सीमा सुरक्षा के लिए सरकार के पास सेना से लेकर नेवी सब कुछ है तो फिर विदेश से आतंकी घुसपैठिये आते हैं और घटना कर कैसे भाग जाते हैं। आतंकी संगठनों के संचार तंत्र को लेकर चौथा सवाल दागते हुए सिंघवी ने कहा जब सरकार के पास पूरा खुफिया तंत्र और आतंकियों की बातचीत सुनने के सारे संचार तंत्र उपलब्ध हैं तो इस दिशा में क्या कार्रवाई हुई है। भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देकर विदेश भाग जाने वाले आतंकियों के प्रत्यर्पण का सवाल उठाते हुए पांचवा सवाल यह किया गया कि क्या एनडीए सरकार की कूटनीति इतनी कमजोर है और इसमें ताकत नहीं की इनका प्रत्यर्पण करा भारत लाया जा सके।
सिंघवी ने इन सवालों के बाद नरेंद्र मोदी के 2014 के 56 इंच की छाती वाले चर्चित भाषण का वीडियो क्लिप मीडिया को दिखाया जिसमें पीएम बिल्कुल इन्हीं शब्दों में तत्कालीन यूपीए सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि तब यूपीए से ऐसे सवाल करने वाले पीएम हमारे इन प्रश्नों का जवाब नहीं दे रहे। जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं से लेकर सीमा पर सीज फायर उल्लंघन की घटना में बीते करीब चार साल में नागरिकों के साथ सैनिकों की शहादत की बढ़ती संख्या का आंकड़ा देते हुए सिंघवी ने कहा कि देश को पीएम से सवालों के जवाब का इंतजार है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *