Monday, November 2metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

दहेज में मिला लंगूर तो खुश हो गए ससुरालवाले, अब होगी कानूनी कार्रवाई

चंडीगढ़
हरियाणा में दहेज का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां लड़की के पिता ने लड़केवालों को दहेज में लंगूर दिया है। अब पूरे प्रदेश में इस दहेज की खूब चर्चा हो रही है। उधर, पशुप्रेमियों ने दहेज में लंगूर देने पर सवाल उठाया है। पशुओं के हित में काम करने वाली एक संस्था की शिकायत पर वन्य प्राणी विभाग ने ससुराल पहुंचकर लंगूर को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक मामला हरियाणा के फतेहाबाद के टोहाना इलाके का है। यहां एक शादी में दहेज के रूप में लंगूर देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लड़की के परिजनों ने शादी में दहेज के तौर पर लंगूर इसलिए दिया ताकि ससुरालवाले अपने सोसायटी के बंदरों को भगा सकें।

दरअसल, लड़की के पिता ने लड़के के पिता से उनकी कोई डिमांड के बारे में पूछा था। इसपर लड़के ने पिता ने कहा था कि उनके पास यूं तो सबकुछ है लेकिन सोसायटी में बंदर बढ़ गए हैं। उन्होंने हंसते हुए कह दिया कि बंदरों को भगाने के लिए लंगूर दे दीजिए। लड़की के पिता ने इस बात को गंभीरता से ले लिया और उन्होंने दहेज में लंगूर दे दिया।

उधर, लंगूर मिलने के बाद लड़के के पिता इस तोहफे से बेहद खुश हैं। वहीं दूल्हा भी खुश है। दूल्हे का कहना है कि लंगूर मिलने से अब उन्हें और सोसायटी के सभी लोगों को बंदरों से निजात मिल जाएगी। लेकिन ससुरवालवालों को तब झटका लगा जब वन्य विभाग की टीम उनके घर पहुंच गई।

दरअसल, वन्यप्राणी ऐक्ट 1972 के अनुसार लंगूर ऐसा प्राणी है जिसे पालना या बांध के रखना अपराध है। इसके अनुसार जुर्माने और सजा का प्रावधान है। उधर, पीपल फॉर एनिमल्स फतेहाबाद द्वारा इस बारे में मंडलीय वन्य प्राणी अधिकारी को सूचना दी गई। इसके बाद विभाग ने लंगूर को जब्त कर लिया है। अब दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *