Saturday, October 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मुंबई में हुक्ला पार्लर पर पाबंदी का कानून बनाएगी सरकार

मुंबई
मुंबई के हुक्का पार्लरों पर पाबंदी लगाने के लिए महाराष्ट्र सरकार जल्द ही कानून बनाएगी। विधान परिषद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हुक्का पार्लरों पर पाबंदी लगाने के लिए सरकार सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद कानून 2003 में संशोधन करेगी। सोमवार को कांग्रेस के संजय दत्त ने लोअर परेल स्थित कमला मिल में लगी आग का मामला उठाया। दत्त समेत अन्य सदस्यों ने पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की। साथ ही राज्य में तेजी से बढ़ रहे हुक्का पार्लरों को बंद करने की मांग की। कांग्रेस के शरद रणपिसे का कहना था कि हुक्के में तरह-तरह के मादक पदार्थ मिलाए जाते हैं। हुक्के की लत से नई पीढ़ी बर्बाद हो रही है। इसे तत्काल बंद करना चाहिए। अन्य सदस्यों ने भी इस मांग का समर्थन किया। सदस्यों के उठाए सवालों पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हुक्का पार्लरों के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही हैं। इन्हें बंद करने के लिए सरकार कानून बनाएगी। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि 29 दिसंबर 2017 को कमला मिल के वन अबव और मोजोस ब्रिस्टो पब में लगी आग से 14 लोगों की मौत हो गई थी।

इस पूरे मामले की जांच के लिए उच्च न्यायालय ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश के नेतृत्व में नगर रचना और नगर विकास विभाग के पूर्व सचिव की एक समिति गठित करने को मंजूरी दी है। इस हादसे के बाद बीएमसी ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की 30 टीमें बनाई हैं, ताकि मुंबई के होटल, मॉल, रेस्तराओं व अन्य स्थानों पर जाकर अग्नि सुरक्षा उपकरणों और तैयारियों की जांच की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह टीमें तीन महीने में जांच पूरी कर लेंगी। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि आग की घटना के बाद बीएमसी के 6 अधिकारियों को निलंबित किया गया है और कई लोगों पर कार्रवाई चल रही है।

Spread the love