Friday, October 23metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

4 महीने से यूएई के समुद्र में फंसे हैं 15 भारतीय

मुंबई
भारत के 15 और 1 पाकिस्तानी नाविक पिछले 4 महीनों से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के समुद्र में फंसे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, जहाज मालिक और तटीय अधिकारियों में कानूनी लड़ाई चल रही है, जिसके कारण जहाज को रोक लिया गया है। जहाज पर सवार भारतीयों ने विदेश मंत्रालय में मामले की शिकायत कर, उन्हें भारत वापस लाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, जहाज का नाम जोया-1 है। यह कच्चा तेल ढोने वाला जहाज है। जहाज के असली मालिक दुबई के कैप्टन चिरंजीव सिंह हैं। जहाज पर फंसे लोगों ने विदेश मंत्रालय की हेल्पलाइन पर कॉल के जरिए शिकायत दर्ज कराई है, जिसके दस्तावेज एनबीटी के पास मौजूद हैं। इनके मुताबिक, जहाज मालिक और यूएई कोस्टल अथॉरिटी के बीच चल रहे मतभेदों की सजा नाविकों को दी जा रही है। शिकायत के मुताबिक, नाविकों का करार 4 माह पहले ही पूरा हो गया था। इसके बावजूद उन्हें यूएई के समुद्र में जहाज समेत बंधक बनाकर रखा गया है। 1 अक्टूबर, 2017 से नाविकों के पासपोर्ट और कानूनी दस्तावेज सीज कर लिए गए हैं। जनवरी से वेतन तक नहीं दिया गया है। इस बारे में जहाज मालिक चिरंजीव सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

बेटे की फिक्र में मां बीमार
जहाज पर सवार ओक्रम बेनरल सिंह ने विडियो अपलोड कर बताया कि 1 अक्टूबर 2017 को उन्होंने शिप प्रबंधन को भारत वापस जाने के संदर्भ में नोटिस भेजा था, लेकिन पिछले 7 महीनों से मैं इस पर फंसा हूं, मुझे भारत जाने नहीं दिया जा रहा। सिंह ने बताया कि उनके वापस न आ पाने की चिंता में उनकी मां बीमार हो गईं हैं और उनकी हालत गंभीर है।

फॉरवर्ड सीमैंस यूनियन के सचिव मनोज यादव का कहना है कि मामले की शिकायत विदेश मंत्रालय में दर्ज करा दी गई है। साथ ही भारतीय नागरिकों को वापस लाने की यूनियन पूरी कोशिश कर रही है।

फंसे नाविकों के नाम
फंसे नाविकों में 15 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक हैं। इनके नाम हैं ओक्रम बेनरल सिंह, प्रजिन विजय कुमार, अमर बहादुर यादव, राहुल कुमार, प्रशांत सिंह, श्रीधर राजेशकरण, जोबिन इमानुएल, शुभम द्विवेदी, कृष्ण कुमार लाल, सुखमितपाल सिंह, मंतु कुमार सिंह, गोविंद कुमार प्रजापति, अशोक कुमार यादव, मोहम्मद फरहान सिद्दकी, शरनप्रीत सिंह और एक पाकिस्तानी नागरिक सय्यद नवाब अली शाह।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *