Saturday, May 16metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मुंबई में 6-10 जून के बीच भारी बारिश होने की संभावना

मुंबई
शनिवार की शाम मुंबई में हुई मॉनसून पूर्व बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, अब मॉनसून जल्द ही मुंबई पहुंच सकता है। निजी संस्था स्काईमेट ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि 8 से 10 जून के बीच मुंबई में तेज बारिश हो सकती है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने भी 6,7 और 8 जून को मुंबई में भारी वर्षा की संभावना जताई है। स्काईमेट के प्रमुख महेश पलावत ने बताया, ‘बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात 6 जून तक मुंबई और इसके आसपास के इलाकों तक पहुंच सकता है। इससे यहां तेज बारिश हो सकती है।’ क्षेत्रीय मौसम विभाग की वेबसाइट ने भी कोकण क्षेत्र में 5, 6 और 7 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी है। बता दें कि मुंबई इसी क्षेत्र में है। मौसम विभाग (पश्चिम भारत) के उपमहानिदेशक के.ए. होसालिकर ने बताया, ‘6 जून को मॉनसून मुंबई पहुंच रहा है। उसके बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।’

मौसम विभाग से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार को मुंबई में हुई मॉनसून पूर्व बारिश जारी रह सकती है। अगले 48 घंटों में मुंबई और आसपास के इलाकों में बादलों और सुबह-शाम के समय रिमझिम बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवा के साथ बिजली भी कड़क सकती है। शनिवार की शाम को हुई बारिश के बाद मुंबई के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। रविवार को न्यूनतम तापमान मुंबई शहर में 23 डिग्री और उपनगर में 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार से कम रहा। बीएमसी आपदा प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण पश्चिम उपनगर में 5 और पूर्वी उपनगर में 4 स्थानों पर पेड़ या पेड़ों की शाखाएं गिरने की शिकायते आईं। इस दौरान पश्चिम उपनगर के मालाड में पानी भरा। शनिवार को सबसे ज्यादा 1 मिलीमीटर बारिश मरोल में दर्ज हुई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *