Sunday, May 17metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

5 लाख की सुपारी देकर सास की कराई हत्या, दामाद और सुपारी किलर गिरफ्तार

मुंबई
सास के लिए दामाद का दर्जा बेटे के बराबर माना जाता है। लेकिन यही बेटा जब मां समान सास की जान का दुश्मन बन जाए, तो रिश्ते कलंकित होते हैं। मुंबई में दरकते इंसानी रिश्तों का ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी सास को ठिकाने लगाने के लिए सुपारी किलर से संपर्क साधा और फिर 5 लाख रुपये देकर हत्या करवा दी।
सास की हत्या करवाने की साजिश रचने वाले दामाद की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने उसके सुपारीबाज मददगार को भी गिरफ्तार कर लिया। दामाद पर आरोप है कि उसने संपत्ति के लालच में एक जान-पहचान वाले को सास की हत्या करने की सुपारी दी थी। घटना गुजरात की है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2017 को गुजरात के अहमदाबाद स्थित घाटलोडिया पुलिस स्टेशन के अंतर्गत 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारे दो लोग थे, जो कुरियर बॉय बनकर महिला के घर में घुसे थे। उन्होंने महिला की हत्या करने के बाद घर में रखी जूलरी भी चुरा ली।
जांच के दौरान उन दो आरोपियों में से एक को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह शख्स महिला का दामाद था, जबकि दूसरा आरोपी, जिसको उसने 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी, फरार चल रहा था। दूसरे आरोपी का नाम इश्तियाक हसन अली खान (35 वर्ष) है।
मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 10 को पिछले दिनों खबर मिली थी कि इश्तियाक मेघवाड़ी इलाके में कहीं छुपा हुआ है। इसके बाद डीसीपी निसार तांबोली के नेतृत्व में प्रभारी इंचार्ज श्रीमंत शिंदे ने जाल बिछाकर इश्तियाक को गिरफ्तार कर लिया।

इश्तियाक ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल करते हुए महिला के दामाद द्वारा 5 लाख रुपये की सुपारी लेकर उसकी हत्या करने की बात को स्वीकार किया। डीसीपी तांबोली ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे गुजरात पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *