Saturday, May 16metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

मुंबई में भारी बारिश से हाल-बेहाल : 90 ट्रेनें रद्द, ‘डिब्बावाला’ ने रोकी सेवाएं

मुंबई: मुंबई में भारी बारिश के चलते पटरियों में पानी भर जाने से 90 लोकल ट्रेन रद्द कर दी गई हैं वहीं कुछ 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं. मुंबई में कल रात से भारी हुई है जिसकी वजह से जगह पानी भर गया है. मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश चेतावनी के बाद से ‘डिब्बावालों’ ने अपनी सेवाएं रोक दी हैं. सोमवार को मुंबई में सामान्य से 5 गुना ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.
मुंबई और नजदीक के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों, रेलवे की पटरियों पर पानी भर गया और शहर में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया. यहां बारिश की वजह से 90 ट्रेनों का परिचालन रद्द करना पड़ा.
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि पालघर जिले के वसई में जलभराव के कारण करीब 300 लोग अपने घरों में फंस गए.
हालांकि यहां के लोगों ने जिला प्रशासन के इस जगह को खाली करने की अपील मानने से इंकार कर दिया. अधिकारी ने बताया, ‘‘ हमने ऐहतियाती कदम के तौर पर उनके घरों के निकट एबुलेंस खड़ी कर रखी थी.’’
इस मौसम में एक दिन में हुई यह सर्वाधिक बारिश है जिसके कारण कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया। लोगों को घुटनों तक भरे पानी से गुजरना पड़ा.
बारिश और कम दृश्यता के कारण वाहन सड़कों पर रेंगते रहे, सड़कों पर बने गड्ढों से समस्या और भी जटिल हो गयी है. कई स्कूलों ने आज छुट्टी घोषित कर दी और कई लोग दफ्तर नहीं गए.
पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ रेलवे पटरियां पानी में डूब गईं जिस पर रेल यातायात रोक दिया गया है.
हालांकि, अन्य पटरियों पर सीमित गति से रेलगाड़ियां चलती रहीं. कुर्ला, सायन और दादर में बहुत अधिक जल भराव हुआ है. अधिकारी ने बताया कि सेंट्रल रेलवे में रेलगाड़ियां चल रही हैं और कोई भी सेवा रद्द नहीं की गई है.
बृहन्मुंबई बिजली आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के प्रवक्ता ने बताया कि बसें देरी से चल रही हैं लेकिन कोई भी सेवा रद्द या निलंबित नहीं की गई है.
मौसम विभाग ने मुंबई में मंगलवार तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है. कोलाबा वेधशाला में बीते 24 घंटे में 170.6 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग, मुंबई के उप महानिदेशक केएस होसालिकर ने बताया, ‘‘ इस मौसम में 24 घंटे में हुई यह सर्वाधिक बारिश है.’’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *