Sunday, September 22metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने 8 महीने में 13 बार तोड़े ट्रैफिक नियम, अब तक नहीं भरा 13 हजार रुपए का जुर्माना

मुंबई.शहर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज ठाकरे से लेकर परिवाहन मंत्री तक शामिल हैं। यह खुलासा ट्रैफिक पुलिस के एप के जरिए एक आरटीआई कार्यकर्ता ने किया है। एप से मिली जानकारी के मुताबिक, यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में 119 करोड़ रुपए की राशि अब तक वसूली नहीं गई।
मुंबई के आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख ने यातायात नियमों के उल्लंघन का जुर्माना नहीं भरने वालों की एप के जरिए जानकारी इकट्ठी कर सूची तैयार की है। इसमें देवेंद्र फडणवीस, राज्य के परिवाहन मंत्री दिवाकर रावते, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे, युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की गाड़ियों ने 13 बार तोड़े नियम: आरटीआई कार्यकर्ता के मुताबिक, फडणवीस दो गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। जनवरी 2018 से अगस्त 2018 तक इन गाड़ियों से 13 बार यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की गाड़ी नंबर MH 01 CP 0038 पर कुल जुर्माना राशी 8000 रुपए है। वहीं, दूसरी गाड़ी नंबर MH 01 CP 0037 पर 5000 रुपए का जुर्माना बाकी है।
मुख्यमंत्री के अलावा, मनसे प्रमुख राज ठाकरे की एक गाड़ी पर 3000 रुपए और युवा सेना अध्यक्ष आदित्य ठाकरे की गाड़ी पर 6200 रुपए का जुर्माना बाकी है। परिवहन मंत्री दिवाकर रावते के बेटे की गाड़ी पर एक हजार रुपये का जुर्माना है। इन सभी ने अब तक जुर्माने की राशि जमा नहीं की। शकील ने पुलिस सह-आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की।

Spread the love