Saturday, August 22metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

अपनी मां के अंगों को दान कर युवती ने दो मरीजों को दिया जीवनदान

मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक युवती ने अपनी 54 वर्षीय मां के अंगों को दान कर घातक बीमारी से जूझ रहे दो मरीजों को जीवनदान दिया। युवती की मां उज्ज्वला का अचानक स्वास्थ खराब हो गया था, जिसके बाद उन्हें नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को डॉक्टरों ने उज्ज्वला को ब्रेन डेड धोषित कर दिया, जिसके बाद परिवार ने अंगदान करने का फैसला लिया। इसके साथ इस साल मुंबई में अंगदान करने वालों की संख्या 33 हो गई है। मुंबई के विले पार्ले इलाके में रहने वाली अश्विनी तिवारी (23) ने बताया कि सोमवार सुबह उनकी मां उज्ज्वला चाय पी रही थीं, तभी वह अचानक गिर पड़ीं। अश्विनी ने कहा, ‘हम उन्हें नानावटी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की। बाद में हमें बताया गया कि उन्हें स्ट्रोक आया है।’ वहीं मंगलवार को डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि उज्ज्वला ब्रेन डेड हो चुकी थीं और उनके अंगदान किए जा सकते हैं।

अश्विनी ने कहा, ‘मेरे परिवार वालों को अंगदान के ज्यादा पता नहीं था, लेकिन मैंने स्कूल की एक कविता में इसके के बारे में पढ़ा था। मैंने महसूस किया कि ऐसा किया जा सकता है।’ अश्विनी ने अपने परिवार वालों को बताया कि उनकी मां हमेशा आस-पास के लोगों की मदद करती थी, इसलिए अंगदान के जरिए लास्ट स्टेज तक पहुंच चुके मरीजों की मदद करना चाहती थी। उन्होंने कहा, ‘अंगदान से मेरी मां आगे भी जिंदा रहेगी।’

अश्विनी का परिवार अधिक अंगों के दान के लिए सहमत था, इसके बावजूद चिकित्सा समस्याओं के कारण सिर्फ लीवर और किडनी ही दान किया जा सका। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, ‘नानावटी अस्पताल में इस साल का यह चौथा अंगदान था।’ युवती की मां की किडनी नानावटी अस्पताल में ही प्रत्यारोपण के लिए पंजीकृत एक मरीज को दान दिया गया, जबकि लीवर परेल के ग्लोबल अस्पताल के एक मरीज को दिया गया है। इस महीने की शुरुआत में भी 48 घंटों के भीतर मुंबई में दो अंगदान हुए थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *