Saturday, September 21metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

एयर इंडिया की एयर होस्टेस विमान से गिरी, गंभीर रूप से घायल

मुंबई, एयर इंडिया का विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने की तैयारियों में जुटा था कि तभी चालक दल की 53 वर्षीय महिला सदस्य अचानक विमान से नीचे गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।घायल महिला का नाम हर्षा लोबो बताया जा रहा है। एक सूत्र के मुताबिक महिला को गंभीर चोटें लगी हैं। B777 एयरक्राफ्ट का दरवाजा जमीन से करीब 30 फीट ऊंचा था। एयर इंडिया की फ्लाइट AI864 को सुबह 7 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। सूत्र ने बताया कि प्री बोर्डिंग के दौरान क्रू मेंबर महिला L5 दरवाजे को खोलने गई थी ताकि सीढ़ी को दरवाजे तक लाया जा सके। दरवाजा खोलने के दौरान जो गैप बना वह उसी में गिर गईं।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि कर दी है। प्रवक्ता ने बताया कि महिला चेतन अवस्था में है। उन्हें नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं सूत्र ने बताया कि सीटी स्कैन से पता चला है कि महिला के दायें पैर में फ्रैक्चर आया है। फ्लाइट 7 बजे की बजाया सुबह 8:30 पर उड़ान भर पाई। यह दिल्ली 10:09 बजे पहुंची।

Spread the love