Sunday, September 22metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

दहेज नहीं लाईं, तो बहुओं को बेचा, पति, सास, ससुर सहित 12 लोगों पर मामला दर्ज

विरार: एक मामले में ससुरालवालों ने अपनी दो बहुओं को डेढ़ लाख रुपये में बेच डाला। यह मामला विरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। बहुओं को तब पता चला, जब खरीदने वाला उन्हें राजस्थान से वसई ले आया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पीड़िताओं के पति, सास, ससुर सहित 12 लोग शामिल हैं। विरार (पश्चिम) के एमबी स्टेट निवासी 24 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि 2015 में उसकी शादी विरार के रहने वाले संजय मोहनलाल रावल से हुई थी। वहीं, उसकी छोटी बहन की शादी संजय के छोटे भाई वरुन रावल के साथ हुई। दोनों बहनें एक ही घर में रहती थीं। शादी के बाद से ससुरालवाले दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुरालवालों ने उनसे मायके से 5 लाख रुपये लाने को कहा। रुपये नहीं लाने पर उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रताड़ित करने में सास-ससुर के साथ उनके रिश्तेदार भी शामिल थे।
राजस्थान ले जाकर वसई में बेचा
30 अगस्त को ससुरालवाले दोनों बहुओं को राजस्थान ले गए। वहां भी दोनों प्रताड़ित किया गया। यहां तक कि दोनों जलाने की भी धमकी दी गई। 10 सितंबर को ससुरालवालों ने दोनों ट्रेन में बैठाकर दिया और विरार अपने घर जाने को कहा। उनके साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी आया। दूसरे दिन जब ट्रेन वसई स्टेशन पहुंची, तो वह आदमी उनसे मीरा रोड चलने को कहने लगा। इस बात पर उनका झगड़ा हो गया। कुछ लोग बीच बचाव में आ गए। तभी उस व्यक्ति ने कहा कि इन महिलाओं के ससुरालवालों ने दोनों को उसे डेढ़ लाख रुपये में बेचा है और वह इतना बोलकर वहां से चला गया।
पुलिस ने नहीं सुनी गुहार
दोनों विरार पुलिस स्टेशन शिकायत करने गर्इं, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। आरोप है कि दोनों ने महीनेभर पुलिस स्टेशन के चक्कर काटे, लेकिन पुलिस अनसुना करती रही। इसके दोनों एक महिला वकील के पास गईं। वकील ने पालघर एसपी से बात की और मामला दर्ज हुआ। 9 अक्टूबर को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बहनों का आरोप है कि सास ने एक बहू को दवा पिलाकर उसका 2 माह का गर्भ भी गिरा दिया। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Spread the love