दिल्ली से कार लूटकर देहरादून के बिजनसमैन को किडनैप कर मोटी फिरौती वसूलने का था प्लान, 3 अरेस्ट
नई दिल्ली, दिल्ली से कार लूटकर उससे देहरादून के बिजनेसमैन को किडनैप कर फिरौती के रूप में मोटी रकम वसूलने की प्लैनिंग बना रहे गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। फिरौती के लिए किडनैपिंग में मास्टरमाइंड सोहनवीर सिंह उर्फ सैंडी उर्फ भूत, गौरव उर्फ चीनू , गौरव कपासिया, मिंटू उर्फ फौजी, पवन, राहुल और अजय शामिल थे। आरोपी सोहनवीर जेवलिन थ्रो का प्लेयर है। फौजी कबड्डी प्लेयर है, वह साल 2010 से लेकर 2014 तक आर्मी में रहा है। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई कार, सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, लूटा गया मोबाइल और लैपटॉप बरामद किए हैं। डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़ित सुनील कालरा परिवार के साथ न्यू कृष्णा नगर में रहते हैं। वह अपनी कार से कश्मीरी गेट बस अड्डा होते हुए घर लौट रहे थे। उन्हें बदमाशों ने कार सहित किडनैप कर लिया। इसके बाद बदमाश पीड़ित को गाजियाबाद के सिहानी गांव ले गए।








