Saturday, May 16metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

लड़की को झाड़ियों में खींचा, चिल्लाने पर बच गई जान

नई दिल्ली
डीटीसी स्टाफ की सतर्कता और बीट वालों की फुर्ती से एक 19 साल की लड़की को बचा लिया गया। यह वारदात सोमवार देर शाम दरियागंज इलाके की है। लड़की को रिक्शेवाला जाम होने के बहाने शॉर्ट रास्ते से ले जाने की बात कहकर राजघाट डीटीसी डिपो के बैक साइड के रास्ते अगवा कर ले आया। झाड़ियों में खींचकर ले जाने लगा। लड़की के चीखने-चिल्लाने पर डीटीसी स्टाफ पहुंचा तो आरोपी रिक्शेवाला वहां से भाग खड़ा हुआ, जिसे पुलिस ने धर दबोचा। दरियागंज थाने में उसके खिलाफ किडनैपिंग, सेक्सुअल असॉल्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

सीनियर पुलिस अफसर के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी 40 साल का मोबीन खान है जोकि मूल रूप से बिहार के पटना में अमीशाबाद का रहने वाला है। आरोपी का परिवार वहीं पर रहता है। आरोपी दिल्ली के यमुना बाजार एरिया में हनुमान मंदिर के आसपास फुटपाथ पर रहता है। जिस लड़की को बचाया गया वह परिवार के साथ लोनी गोलचक्कर के पास रहती है। लड़की सोमवार को यमुना बाजार में रिश्ते की मामी से मिलने आई थी। देर शाम करीब साढ़े पांच बजे लड़की वापस घर लौट रही थी। उसने यमुना बाजार से रिक्शा सीलमपुर बस स्टैंड तक जाने  लिया।

वहां से शेयरिंग ऑटो या अन्य किसी वाहन से घर के लिए जाती। आरोपी मोबीन ने लड़की को बैठा लिया। लड़की ने पुराना लोहे के पुल से निकालने की बात कही, लेकिन वह रॉन्ग साइड ले जाने लगा। लड़की ने उसे टोका तो आरोपी ने जाम का बहाना बना दिया। पुरानी पुलिया पार करते हुए राजघाट के बैक साइड में बने डीटीसी बस डिपो के पास सुनसान जगह पर ले गया।

लड़की डर गई। वह जैसे ही उतरी, आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया। झाड़ियों के अंदर खींच ले गया। लड़की चिल्लाई। डिपो के दो कर्मचारी जब वहां पहुंचे तो खाली रिक्शा खड़ा देख शक हुआ। देखा तो लड़की से आरोपी जबर्दस्ती करने की कोशिश कर रहा था। डीटीसी स्टाफ के एक कर्मचारी ने पुलिस को कॉल कर दी। वहीं पास में बाइक पट्रोलिंग कर रहे बीट स्टाफ वाले पहुंच गए। आरोपी पकड़े जाने के डर से भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दबोच लिया। लड़की को मेडिकल के लिए ले जाया गया। बयान पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *