Friday, May 15metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

लड़की की उम्र और दूल्हे की हैसियत देखकर तय होती थी कीमत

नई दिल्ली
नाबालिग लड़कियों को किडनैप कर उन्हें अधेड़ उम्र के व्यक्ति के साथ शादी करने के लिए बेच दिया जाता था। लड़की की कीमत, उसकी उम्र और शादी करने वाले शख्स की हैसियत पर तय होती थी। पुलिस ने हाल में पर्दाफाश किए रैकेट में शामिल कुछ और लोगों को अरेस्ट किया है। इनकी पहचान राज उर्फ मिंटू और राजू बिहारी के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने भिवानी से भी 3 लड़कियों को किडनैप कर उन्हें शादी के लिए बेच दिया था। भिवानी पुलिस को भी लंबे समय से दोनों की तलाश थी। बीते साल 2 मार्च को दिल्ली की गीता कॉलोनी से किडनैप हुई नाबालिग को पुलिस ने इसी महीने की शुरुआत में दादरी से बरामद किया था। नाबालिग से शादी करने के आरोप में नीरज नामक शख्स को अरेस्ट किया गया था। पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि उसने शादी करने के लिए लड़की को 4 लाख रुपये में खरीदा था। पुलिस ने रैकेट में शामिल पति-पत्नी के अलावा 5 लोगों को अरेस्ट किया था। आरोपियों में अनुज, उसकी पत्नी नेहा, बबलू और राज का नाम शामिल है। पूछताछ में अरेस्ट किए गए आरोपियों ने रैकेट में शामिल कुछ और साथियों के बारे में पुलिस को बताया था। उनके ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने राज उर्फ मिंटू और राजू बिहारी को अरेस्ट कर लिया।

इस तरह से पुलिस अब तक नाबालिग लड़कियों की तस्करी के आरोप में 7 लोगों को अरेस्ट कर चुकी है। दिल्ली में आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर जब भिवानी पुलिस को मिली तो एक टीम पूछताछ के लिए गीता कॉलोनी थाने पहुंची। पुलिस पीड़ित लड़कियों को भी साथ लेकर आई थी। पीड़ित लड़कियों ने राज उर्फ पिंटू और राजू बिहारी का पहचानते हुए कहा कि इन्होंने ही उन्हें किडनैप कर आगे बेचा था। इसके बाद भिवानी पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया।

डीसीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि इस रैकेट के तार दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा और राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों तक फैले हुए हैं। बदमाश ऐसी नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाते थे जो किन्हीं कारणों से परिवारवालों से नाराज होकर घर छोड़कर भाग आती थीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *