Friday, September 20metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

लड़का समझ डीयू स्टूडेंट को पीटा, …”लड़की हूं’ सुनते ही भागे हमलावर

नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ रही नॉर्थ ईस्ट की स्टूडेंट को जान बचाने के लिए हमलावरों के सामने ‘हे… आई एम गर्ल’ कहना पड़ा। शुक्रवार देर रात मुखर्जी नगर इलाके में स्टूडेंट का कुछ लड़कों से बहस के बाद झगड़ा हुआ था। स्टूडेंट रेसलर और बॉस्केटबॉल प्लेयर भी है। खेल की वजह से उसका हुलिया, कद-काठी, चाल-ढाल और हेयर कट एकदम लड़कों की तरह है। मामूली टशनबाजी में हाथापाई हो गई। लड़का समझकर पीट रहे हमलावरों को जैसे ही पता चला कि वह लड़की है, आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। खबर मिलने पर मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल की। स्टूडेंट ने आपबीती पुलिस को बताई। बयान पर छेड़छाड़ समेत मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों का सुराग मिल गया है। पुलिस के मुताबिक, DU स्टूडेंट अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली है। वह डीयू के एक कॉलेज में तृतीय वर्ष की छात्रा है और मुखर्जी नगर में पीजी में रहती है। शुक्रवार रात करीब 2 बजे वह अपने 5 दोस्तों के साथ फिल्म देखकर कैब से लौटी थी। स्टूडेंट के बाकी दोस्त घर निकल गए, जबकि स्टूडेंट एक दोस्त के साथ खाने के लिए रुक गई। उसने कैप लगाई थी। आरोप है कि बाइक पर एक लड़का आया जिससे मामूली बात पर बहस हो गई। बाइक सवार ने स्टूडेंट की कैप उतारकर फेंक दी। स्टूडेंट ने विरोध जताते हुए आरोपी को धक्का दे दिया। इसके बाद लड़के ने कुछ दूर खड़े अपने दोस्तों को बुला लिया। जहां झगड़ा हुआ, ज्यादा रोशनी नहीं थी।

3 आरोपियों ने स्टूडेंट से गाली गलौज करते हुए हाथापाई की। उसे बताना पड़ा कि वह लड़की है। आरोप है कि इतना सुनते ही हमलावर वहां खड़ी कार में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने स्टूडेंट को मेडिकल के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

Spread the love