Friday, August 14metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

शोक में डूबी मायानगरी, दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी का अंतिम संस्कार आज

मुंबई, दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत के मामले को लेकर जारी सभी कयासों का अंत मंगलवार को हो गया। दुबई पुलिस और प्रशासन से क्लीन चिट मिलने के बाद श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रात में मुंबई पहुंच गया। शव पहुंचते ही मायानगरी शोक में डूब गई। हवाई अड्डे से श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को सीधे अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके निवास स्थान पर ले जाया गया। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार बुधवार को होगा। भारत की पहली महिला सुपरस्टार 54 वर्षीय श्रीदेवी की मृत्यु शनिवार रात दुबई के एक होटल में हो गई थी।

मंगलवार को दुबई से लेकर मुंबई तक गतिविधियां तेज रहीं। दुबई पुलिस ने सोमवार शाम को यह पूरा मामला वहां के सरकारी वकील को सौंप दिया था। सरकारी वकील ने जांच-पड़ताल को मुकम्मल करते हुए मंगलवार को इस पूरे केस को ही बंद करने की घोषणा कर दी। इसके बाद श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाने का रास्ता साफ हो गया। दुबई पुलिस की ओर से फिर से स्पष्ट किया गया कि उनकी जांच में इस केस में अपराध का कोई मामला नहीं बना। जांच में एक बार फिर बताया गया कि बाथटब में डूबने से ही श्रीदेवी की मौत हुई। दोपहर बाद अंतिम संस्कार

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह 8.30 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी और पहला पड़ाव उनके घर के करीब एक क्लब होगा। वहां सवेरे 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। दोपहर दो बजे क्लब से श्रीदेवी की अंतिम यात्रा विले पार्ले के श्मशान घाट पहुंचेगी। वहां करीब 3.30 बजे पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के अलावा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी के शामिल होने की खबरें हैं। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लाने के लिए उद्योगपति अनिल अंबानी का विशेष विमान दो दिन पहले ही दुबई पहुंच चुका था। रात करीब 9.30 बजे जब दस यात्रियों को लेकर अनिल अंबानी का जेट लौटा तो उसमें बोनी कपूर और अर्जुन कपूर के अलावा रीना मारवाह भी थीं। रीना मारवाह बोनी की बहन हैं। इनके बेटे की शादी में ही भाग लेने के लिए श्रीदेवी दुबई गई थीं। हवाई अड्डे पर भाई अनिल कपूर को देखते ही बोनी उनके गले

लगकर रो पड़े। वहां अनिल अंबानी, उनकी पत्नी टीना अंबानी, बोनी के सबसे छोटे भाई संजय कपूर के अलावा सोनम कपूर भी थीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *