Thursday, September 10metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

IPL 2018 का रंगारंग शुभारंभ कल, इन दो टीमों के बीच होगा उद्घाटन मैच…

नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स और शेन वॉर्न की कोचिंग वाली राजस्थान रॉयल्स की वापसी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 11वें सत्र को दिलचस्प बना दिया है. दुनिया की सबसे लोकप्रिय इस टी20 क्रिकेट लीग का आगाज शनिवार को होगा. टूर्नामेंट का प्रारंभिक मैच, मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले में धोनी की टीम, रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस का मुकाबला करेगी. मुंबई इंडियंस आईपीएल की गत विजेता है.गौरतलब है कि टूर्नामेंट में इस बार चेन्नई और रॉयल्स की टीमें स्‍पॉट फिक्सिंग मामले में दो साल का बैन झेलने के बाद वापसी कर रही हैं. ऐसे में इन दोनों टीमों के फैंस का उत्‍साह पूरे शबाब पर है. वैसे भी ये दोनों टीमें आईपीएल में चैंपियन रह चुकी हैं. धोनी के नेतृत्‍व में चेन्‍नई टीम दो बार आईपीएल चैंपियन रही है जबकि राजस्‍थान रॉयल्‍स की टीम इस टूर्नामेंट के पहले संस्‍करण में चैंपियन बनी थी. चेन्‍नई के प्रशंसकों ने धोनी को पीली जर्सी में देखने के लिए दो साल का इंतजार किया. इसकी बानगी चेपाक मैदान पर अभ्यास मैच के दौरान देखने को मिली जब बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े. उन्हें चेन्नई टीम से तीसरी ट्रॉफी का इंतजार होगा जबकि रॉयल्स के प्रशंसक चाहेंगे कि दस साल बाद ट्रॉफी उनके नाम हो. राजस्‍थान रॉयल्‍स टीम की कप्‍तान इस बार अजिंक्‍य रहाणे कर रहे हैं.दूसरी ओर एक दशक से आईपीएल खेल रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली की नजरें पहले खिताब पर रहेगी. उन्होंने इस सप्ताह कहा,‘प्रशंसकों से ज्यादा मैं खुद यह खिताब जीतने को बेकरार हूं.’कोहली और डिविलियर्स की मौजूदगी में बल्लेबाजी कभी भी आरसीबी की चिंता का सबब नहीं थी लेकिन इस बार उसकी गेंदबाजी भी मजबूत लग रही है ।युजवेंद्र चहल की अगुवाई वाला स्पिन आक्रमण वाशिंगटन सुंदर के आने से मजबूत हुआ है. बाएं हाथ के स्पिनर पवन नेगी को भी टीम ने राइट टू मैच कार्ड से बरकरार रखा है. इस टीम के पास उमेश यादव के रूप में शानदार तेज गेंदबाज है जिसका साथ देने के लिये नवदीप सैनी और मोहम्मद सिराज होंगे. इंग्लैंड के हरफनमौला क्रिस वोक्स से भी उम्मीदें रहेंगी. इस लुभावनी लीग में सितारा खिलाड़ियों की कमी नहीं है लेकिन दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़खानी विवाद और चोटों के कारण चार बेहतरीन खिलाड़ी नजर नहीं आएंगे. मिचेल स्‍टॉर्क और कागिसो रबाडा चोट के कारण बाहर हैं जबकि स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर गेंद से छेड़खानी प्रकरण में एक साल का प्रतिबंध झेलने के कारण नहीं खेल सकेंगे. स्मिथ रॉयल्स के और वॉर्नर सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे जिनकी जगह अब अजिंक्य रहाणे और केन विलियमसन कमान संभालेंगे. रॉयल्स ने बेन स्टोक्स को 12.5 करोड़ रुपये में और जयदेव उनादकट को 11.5 करोड़ रुपये में खरीदा है. इसके अलावा ससेक्स के हरफनमौला जोफ्रा आर्चर को 7.2 करोड़ और कर्नाटक के के गौतम को 6.2 करोड़ रुपये की बड़ी राशि में खरीदा है.हैदराबाद को वॉर्नर की कमी खलेगी लेकिन एलेक्स हेल्स शीर्ष क्रम में शिखर धवन का साथ निभाएंगे. हैदराबाद के पास मध्यक्रम में मनीष पांडे और युसूफ पठान जैसे बल्लेबाज हैं, वहीं गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और संदीप शर्मा तेज आक्रमण की कमान संभालेंगे. स्पिन का मोर्चा अफगानिस्तान के राशिद खान और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के पास होगा.चेन्नई सुपर किंग्स और कप्तान धोनी पर अपेक्षाओं का भारी दबाव होगा. पिछले कुछ अर्से में धोनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं और यहां से उनके पास उस मिडास टच को फिर हासिल करने का मौका होगा. सुरेश रैना, फाफ डु प्लेसिस और ड्वेन ब्रावो भी धोनी की टीम के प्रमुख खिलाड़ी होंगे.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *