Tuesday, August 25metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

रविवार को महाराष्ट्र कांग्रेस का कैंडल मार्च-उन्नाव-कठुआ रेप केस

मुंबई
कांग्रेस पार्टी की महाराष्ट्र इकाई उन्नाव और कठुआ की शर्मनाक दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर मुंबई समेत पूरे प्रदेश में रविवार को मोमबत्ती जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन करेगी। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम सुबह छह बजे उपनगरीय इलाके में प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण ठाणे में सुबह सात बजे इसी प्रकार का मार्च निकालेंगे। इसके साथ ही, प्रदेश के सभी जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता कैंडल मार्च निकालकर जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आठ वर्षीय बच्ची के साथ गैंगरेप और उसके बाद उसकी हत्या तथा उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना का विरोध करेंगे। दोनों घटनाओं ने देश को हिलाकर रख दिया है।
चव्हाण ने कहा, ‘जब से भारतीय जनता पार्टी केंद्र, राज्यों में सत्ता में आई है, तब से महिलाओं के प्रति अपराध में काफी वृद्धि हुई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार ने समाधान का कोई उपाय नहीं किया है।’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुवाई में सरकार बनने के बाद से महिलाओं और लड़कियों के प्रति अपराध में 36 फीसदी इजाफा हुआ है। निरूपम ने कहा कि मोमबत्ती जुलूस से पीड़ित व उनके परिवारों के साथ एकजुटता की भावना प्रदर्शित होगी और महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार को रोकने में सरकार की विफलता दर्शाई जाएगी।
इससे पहले इन दो घटनाओं के विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार रात को दिल्ली में कैंडल मार्च की अगुवाई की थी। इंडिया गेट से निकाले गए इस मार्च में प्रियंका गांधी, अहमद पटेल और गुलाम नबी आजाद समेत तमाम वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने हिस्सा लिया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *