Saturday, May 23metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

शिवसेना नेता सचिन सावंत की गोली मारकर हत्या

मुंबई
कांदिवली के गोकुल नगर इलाके में रविवार शाम शिवसेना नेता सचिन सावंत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार 2 अज्ञात बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वह शिवसेना के पुराने नेता और कुरर के डेप्युटी शाखा प्रमुख थे। सावंत के साथी के मुताबिक, 46 वर्षीय नेता अपने सहयोगी के साथ बाइक से जा रहे थे। रात 8 से 9 बजे के बीच वह गोकुल नगर पहुंचे। यहां किसी ने उन्हें पीछे से आवाज दी तो वह रुके और पीछे आए। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार दो लोग उनके नजदीक आए और सीने में गोली मारकर फरार हो गए।

सावंत को तुरंत बाबा साहेब आंबेडकर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे पहले शिवसेना के पार्षद अशोक सावंत की जनवरी में इसी तरह कांदिवली में हत्या हुई थी।

सचिन सावंत पर इससे पहले भी हमला हो चुका था। 2009 में उनपर गोली चलाई गई थी। पुलिस इस केस में किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। वह 2 दशक से पार्टी से जुड़े हुए थे और जल्द ही उन्हें शाखा प्रमुख बनाया जाना था।

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *