पुणे
प्लेऑफ में जगह बनाने की कोशिशों में लगी विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सामने शनिवार को चेन्नै सुपर किंग्स की चुनौती होगी। चेन्नै को पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मात देकर अंकतालिका में पहले स्थान से बेदखल कर दिया है। इस हार से आहत महेंद्र सिंह धोनी की यह टीम एक बार फिर जीत के रास्ते पर लौटते हुए पहले स्थान पर वापसी की कोशिश करेगी। यह मैच चेन्नै के दूसरे होम ग्राउंड पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नै 9 मैचों में छह जीत और तीन हार के साथ 12 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। बैंगलोर के हिस्से आठ मैचों में सिर्फ तीन जीत आई है और पांच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। इस वक्त जो हाल दिल्ली का है वही आरसीबी का भी हो गया है। उसे भी प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लगभग हर मैच में जीत दर्ज करनी होगी। इस मैच में चेन्नै की जीत उसे प्लेऑफ के और करीब पहुंचा देगी और बैंगलोर की हार उसकी उम्मीदों को तोड़ देगी।
चेन्नै ने इस सीजन में दमदार वापसी की है और खेल के हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, लेकिन पिछले मैच में उसकी गेंदबाजी और फील्डिंग दोनों कमजोर रही। इस बात को कप्तान ने भी माना। रवींद्र जडेजा ने पिछले मैच में दो सीधे कैच छोड़े थे। धोनी चाहेंगे की इस मैच में टीम पुराने मैच की गलतियां न करें और सुधार करते हुए जीत के रास्ते पर लौटे। बल्लेबाजी में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। फाफ डु प्लेसिस और शेन वॉटसन की जोड़ी ने टीम को हमेशा अच्छी शुरुआत दी है। वॉटसन इस सीजन में एक शानदार शतक भी जमा चुके हैं। सुरेश रैना लगातार विफल हो रहे हैं और धोनी के लिए यह चिंता का विषय है।
पिछले मैच में रैना ने 36 रनों की पारी खेली थी लेकिन अपने स्वाभाव से विपरीत अंदाज में। धोनी की बल्लेबाजी इस तरह की रही है कि सभी को 10 साल पुराने वाले धोनी दिखने लगे हैं। वह अपनी पारियों में चौके कम छक्के ज्यादा बरसा रहे हैं। उन्होंने अंत में आकर हमेशा ही टीम को बड़ा स्कोर दिया है। कोलकाता के खिलाफ भी उन्होंने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया था। उनके साथ निचले क्रम में ड्वेन ब्रावो हैं जो अपने आक्रामक अंदाज से मैच को कहीं से भी बना सकते हैं। गेंदबाजी में लुंगी नगिदी ने पिछले दो मैचों से प्रभावित किया है। युवा के.एम. आसिफ पहले मैच में तो छाप छोड़ने में सफल रहे थे लेकिन दूसरे मैच में राह से भटक गए। धोनी इस क्षेत्र में बदलाव कर सकते हैं। कर्ण शर्मा के स्थान पर लेग स्पिनर इमरान ताहिर को मौका मिल सकता है।
बैंगलोर की बात की जाए तो टीम विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के दम पर खेल रही है। कम से कम अभी तक का खेल देखकर तो ऐसा ही लग रहा है। जिन मैचों में टीम जीती है, उनमें इन दोनों बल्लेबाजों का योगदान रहा है। हालांकि, मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था जो बेहद कम दिखता है। कोहली की आस यही है कि उनके गेंदबाज अपनी फॉर्म को जारी रखें। बल्लेबाजी में कोहली और डिविलिर्यस के अलावा क्विंटन डी कॉक थोड़ा बहुत प्रभाव छोड़ पाए हैं। मनदीप सिंह, मनन वोहरा पूरी तरह से विफल रहे हैं। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर पर पूरा दारोमदार है। उमेश यादव को अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखने की जरूरत है।
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का आईपीएल में अबतक कुल 21 बार आमना-सामना हुआ है। इसमें 13 मुकाबले चेन्नै और 7 बैंगलोर ने जीते हैं। एक मैच ड्रॉ भी रहा।
संभावित टीमें:
चेन्नै सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, सुरेश रैना, ड्वेन ब्रावो, शेन वॉटसन, अंबाती रायडू, मुरली विजय, हरभजन सिंह, फाफ डु प्लेसिस, मार्क वुड, सैम बिलिंग्स, दीपक चहर, लुंगी नगिदी, के.एम. आसिफ, कनिष्क सेठ, मोनू सिंह, ध्रुव शोरे, क्षितिज शर्मा, चैतन्य बिश्नोई, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर, शार्दूल ठाकुर, एन. जगादेसन।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, सरफराज खान, क्रिस वोक्स, युजवेंद्र चहल, ब्रेंडन मैक्कलम, वॉशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, क्विंटन डी कॉक, मनदीप सिंह, कुलवंत खेजरोलिया, कोलिन डी ग्रांडहोमे, उमेश यादव, मोइन अली, मनन वोहरा, अनिकेत चौधरी, मुरुगुन अश्विन, मनदीप सिंह, पवन नेगी, मोहम्मद सिराज, पार्थिव पटेल, अनिरुद्ध जोशी, पवन देशपांडे, टिम साउदी, कोरी एंडरसन।
