Monday, May 18metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

तेल के खेल में मोदी सरकार फेल: संजय न‍िरुपम

मुंबई
पेट्रोल और डीजल के दामों में रोज हो रही वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि तेल के खेल में मोदी सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। बुधवार को मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ मोर्चा निकाला। मोर्चे में आंदोलनकारी तमाम तरह के नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। इन तख्तियों पर पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में शामिल किए जाने की मांग समेत मोदी सरकार के विरोध में नारे लिखे हुए थे। रसोई गैस का खाली सिलिंडर लेकर मोर्चे में आई महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता सभी का ध्यान आकर्षित कर रही थी। मोर्चे में पूर्व मंत्री सुरेश शेट्टी, पूर्व विधायक चरण सिंह सप्रा, बलदेव खोसा, मुंबई महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अजंता यादव, कई नगरसेवक और बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल हुए।

अनाप-शनाप कर ज‍िम्‍मेदार
मोर्चे को संबोधित करते हुए निरुपम ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में हुई वृद्धि के लिए सिर्फ और सिर्फ केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लगाए गए अनाप-शनाप कर जिम्मेदार हैं। अगर केंद्र और राज्य सरकारें जनता के हित में अपने-अपने टैक्स कम कर दें, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक दिन में नीचे आ सकती हैं, लेकिन बीजेपी सरकारों को जनता की परेशानी से कुछ लेना-देना नहीं है। निरुपम ने कहा कि पूरी दुनिया में ऐसा कही नहीं होता कि वस्तु की लागत के बराबर उस पर टैक्स लगा दिया जाए, लेकिन पेट्रोल और डीजल के मामले में मोदी और फडणवीस सरकार ने ऐसा ही किया है, इसकी वजह से देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है। अगर सरकार पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के दायरे में ले आए तो मुंबई को मौजूदा कीमतों से आधी कीमत में पेट्रोल-डीजल मिल सकता है।

2012 के रेट से तुलना
2012 में जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब पेट्रोल का भाव 73 रुपये प्रति लीटर था। क्योंकि उस वक्त कच्चे तेल की कीमत 148 डॉलर प्रति बैरल थी। आज कच्चे तेल की कीमत 75 डॉलर प्रति बैरल है, फिर भी पेट्रोल डीजल की कीमतें इतनी अधिक क्यों हैं?

अमिताभ बच्चन से सवाल
निरुपम ने कहा कि 2012 में सुपर स्टार अमिताभ बच्चन ने कहा था कि पेट्रोल की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि पेट्रोल खरीदने के बजाय गाड़ी में आग लगाने की इच्छा होती है। आज जब पेट्रोल की कीमत 85 रुपये प्रति लीटर है, तो क्या अमिताभ बच्चन बीजेपी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब नहीं मांगेंगे?

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *