Tuesday, May 19metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

बंद वापसी के बाद भी तनाव बरकरार, नवी मुंबई में इंटरनेट सस्पेंड

मुंबई
भले ही मराठा क्रांति मोर्चा ने राज्यव्यापी बंद वापस ले लिया हो, लेकिन महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं। इसी को देखते हुए मुंबई से सटे नवी मुंबई इलाके में गुरुवार सुबह से इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मराठा आरक्षण को लेकर बुधवार को हुए प्रदर्शन के दौरान कोपर खैराने जैसे इलाकों में हिंसा हुई थी। इसी के चलते यह फैसला लिया गया है। इलाके में हालात अब भी तनावपूर्ण हैं। कोपर खैराने में प्रदर्शनकारियों द्वारा गाड़ियों पर पथराव, स्थानीय पुलिस के साथ उनके संघर्ष और आगजनी के बाद पुलिस ने बुधवार शाम आंसू गैस के गोले दागे थे। पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया था। हिंसक प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक चौकी में आग लगा दी थी।
सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर समुदाय के संगठनों ने बंद बुलाया था, जिस दौरान हिंसा हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने पहले बताया था कि बंद वापस लिए जाने के बाद अपने घरों को लौट रहे प्रदर्शनकारियों ने बुधवार रात कोपर खैराने इलाके में स्थानीय लोगों की गाड़ियों पर पथराव कर दिया था। भीड़ के पथराव में कुछ दफ्तर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-6 में डी-मार्ट सुपरमार्केट के पास स्थित पुलिस चौकी को भी जला दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चौकी के बाहर खड़ी पांच-छह कारों और दो दर्जन दुपहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सेक्टर-3 में स्थित होटेल को भी जला दिया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *