Monday, October 26metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

कांदिवली पूर्व में भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम मैदान पर ताला, ओपन जिम शुरू कराने की पहल में रुकावट

मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित हनुमान नगर में श्मशान भूमि के बगल में बने भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मैदान पर ताला लगा होने के कारण ओपन जिम शुरू करने की योजना अटक गई है। वार्ड क्रमांक 28 की नगरसेविका डॉ. अजंता यादव अपने फंड से व्यायाम की मशीनें लेकर मैदान पहुंचीं, लेकिन मैदान बंद होने के कारण मशीनें लगाने और ओपन जिम शुरू करने का काम आगे नहीं बढ़ सका।

इस मामले में उत्तर मुंबई जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजपति यादव ने विरोध जताते हुए प्रशासन से मैदान का ताला तत्काल खुलवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, इस मैदान का निर्माण विधायक अतुल भातखलकर ने कराया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मैदान पर कुछ लोगों ने ताला लगा रखा है और वहां मंडप के बांस, टेबल-कुर्सियां तथा अन्य सामान रखा हुआ है।

इसके कारण सार्वजनिक उपयोग के लिए बने मैदान का इस्तेमाल स्थानीय नागरिक नहीं कर पा रहे हैं। राजपति यादव ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मैदान को अपनी निजी संपत्ति समझकर बंद कर रखा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान स्थानीय नागरिकों ने इलाके में गार्डन, जिम और खुले मैदान जैसी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया था। लोगों की मांग थी कि उन्हें अपने इलाके में ही व्यायाम करने और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए उचित सुविधा मिले।

मैदान मौजूद होने के बावजूद उस पर ताला लगे रहने से नागरिकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी समस्या को देखते हुए डॉ. अजंता यादव ने स्थानीय लोगों से ओपन जिम शुरू कराने का वादा किया था। अब उन्होंने अपने फंड से व्यायाम की मशीनें उपलब्ध कराकर इस दिशा में पहल की है, लेकिन मैदान बंद होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका। डॉ. अजंता यादव ने मैदान पर ताला लगाए जाने का विरोध करते हुए प्रशासन से इसे जल्द खुलवाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि ओपन जिम शुरू होने से महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को नियमित व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।

राजपति यादव ने भी स्पष्ट किया कि यदि मैदान का ताला जल्द नहीं खोला गया और ओपन जिम का काम शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *