विनोद मिश्रा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
विकास के नाम पर कोकणीपाड़ा की पहचान मिटाने की कोशिश?
मंदिर ध्वस्तीकरण से भक्तों में भारी आक्रोश, मूर्तियों का पता लगाने और कार्रवाई की मांग; कुरार पुलिस स्टेशन तक पहुंचा विरोध
मुंबई। मलाड पूर्व का कोकणीपाड़ा इलाका, जिसकी पहचान यहां स्थित 75 साल से भी अधिक पुराने कोकणी माता मंदिर से जुड़ी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी मंदिर के नाम पर इस इलाके को कोकणीपाड़ा के नाम से पहचान मिली। पीढ़ियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहे इस मंदिर से लोगों की धार्मिक भावनाएं ही नहीं, बल्कि इलाके का इतिहास और पहचान भी जुड़ी हुई है। लेकिन आज उसी कोकणीपाड़ा में विकास के नाम पर कोकणी माता मंदिर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया और उसके अस्तित्व को समाप्त करने की कोशिश की गई। 17 नवंबर की शाम करीब 6 बजे हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय श्रद्धालुओं का आरोप है कि DGS Realty की इस कार्रवाई से उनकी वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था को गहरी चोट पहुंची है। लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 75 साल से अधिक पुराने इस मंदिर को किस आधार पर तोड़ा गया और मंदिर में स्थापित माता की मूर्तियां आखिर कहां हैं?
मंदिर के ध्वस्तीकरण के विरोध में श्रद्धालुओं ने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे भक्तों का आरोप है कि धरने के दौरान बिल्डर पक्ष के कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और धक्के देकर उन्हें मंदिर के गेट से बाहर कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि गेट पर वेल्डिंग करके उसे बंद कर दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में प्रवेश करना मुश्किल हो गया। हालांकि, भक्तों ने हार नहीं मानी और गेट के बाहर ही बैठकर अपना विरोध जारी रखा। उनका कहना है कि मंदिर केवल एक इमारत नहीं, बल्कि उनकी वर्षों पुरानी आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे इस तरह खत्म नहीं किया जा सकता।
मंदिर तोड़े जाने के विरोध में रात करीब 8:30 बजे भाजपा के पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा और शिवसेना के पूर्व नगरसेवक गणपत वारिसे बड़ी संख्या में कोकणी माता के भक्तों के साथ कुरार पुलिस स्टेशन पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने अपनी शिकायत रखी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने शिकायत दर्ज करने के निर्देश दिए और 18 नवंबर को दोपहर 3 बजे दोबारा मिलने तथा पूरे मामले पर चर्चा करने की बात कही। इस दौरान विनोद मिश्रा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भक्तों को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की आवाज को दबाने नहीं दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान विनोद मिश्रा ने DGS Realty के मालिक ईश्वर शुक्ला पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने अपने बयान में ईश्वर शुक्ला की तुलना मारीच और कालनेमि से करते हुए कहा कि धर्म और आस्था से जुड़े स्थलों को नुकसान पहुंचाना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। मिश्रा ने सवाल उठाया कि आखिर विकास की ऐसी कौन-सी परिभाषा है, जिसमें वर्षों पुराने धार्मिक स्थलों और लोगों की भावनाओं के लिए कोई जगह नहीं बचती? उन्होंने कहा कि कोकणी माता मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि कोकणीपाड़ा की पहचान और यहां रहने वाले लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। ऐसे में मंदिर को ध्वस्त किए जाने के बाद उठ रहे सवालों का जवाब देना जरूरी है।
विनोद मिश्रा ने दिंडोशी विधानसभा के आमदार सुनील प्रभु की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हजारों लोगों के घरों और धार्मिक स्थलों से जुड़े गंभीर मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं। पठानवाड़ी में मंदिरों और मूर्तियों को लेकर भी शिकायतें उठ चुकी हैं। वहीं, कोकणी माता मंदिर के बगल में स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल आश्वासन देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें जनता के बीच आकर इन सवालों का जवाब भी देना चाहिए। हालांकि, इस मामले में विधायक सुनील प्रभु का पक्ष भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि वे जनता के साथ हैं। दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम मुंबई के सांसद रविंद्र वायकर और स्थानीय नगरसेवक अजीत राव राणे से भी इस मामले में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
स्थानीय भक्तों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मंदिर को किस अनुमति और किस आधार पर तोड़ा गया, कार्रवाई के दौरान किन लोगों की भूमिका रही और मंदिर की मूर्तियां कहां रखी गई हैं, इन सभी सवालों का जवाब प्रशासन को देना चाहिए। साथ ही, धरने के दौरान कथित अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और गेट पर वेल्डिंग कर रास्ता बंद किए जाने के आरोपों की भी जांच होनी चाहिए। सवाल यह भी है कि क्या विकास के नाम पर किसी इलाके की दशकों पुरानी धार्मिक पहचान को इस तरह मिटाया जा सकता है? क्या बिल्डर की योजना और श्रद्धालुओं की भावनाओं के बीच कोई संतुलन नहीं होना चाहिए? विकास जरूरी है, लेकिन क्या विकास का मतलब लोगों की आस्था और इतिहास को नजरअंदाज करना है?
वहीं, हमेशा जनता के साथ खड़े रहने का दावा करने वाले विपक्षी दलों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस, शिवसेना (UBT), MNS, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल इस मामले में क्या कर रहे हैं? 75 साल पुराने मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन इन दलों और संगठनों की ओर से अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं? क्या श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ कोई छोटा मुद्दा है? क्या धर्म और जनता के मुद्दे सिर्फ वोट की राजनीति तक ही सीमित रहेंगे, या अब कोई इन भक्तों की आवाज बनकर भी सामने आएगा?
अब कोकणीपाड़ा के लोग यही सवाल उठा रहे हैं कि क्या DGS Realty के प्रभाव और आर्थिक ताकत के सामने आम भक्तों की आवाज दब जाएगी या प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करके श्रद्धालुओं को न्याय दिलाएगा? फिलहाल, भक्तों की निगाहें पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। इस मामले में अगर DGS Realty का पक्ष सामने आता है तो उसे भी खबर में प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
