ठाणे : जिले के कोलशेत इलाके में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गोदाम और वाहन मरम्मत की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसमान में धुएं के काले गुबार छा गए। आग इतनी तेज थी कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दमकल विभाग ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तरीचा पाड़ा इलाके में जलवाहिनी के पास स्थित शिवशक्ति एंटरप्राइजेज के गोदाम में बड़ी मात्रा में गत्ते का सामान रखा था। उसके पास ही एस. एच मोटर वर्क नाम की वाहन मरम्मत की दुकान थी। मंगलवार सुबह करीब 7.40 बजे अचानक दोनों जगहों पर आग लग गई।
गत्ते और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही ठाणे महानगरपालिका के दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। कई दमकल गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया। आग लगातार फैल रही थी, जिससे जवानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस हादसे में मरम्मत के लिए आई दो कारें पूरी तरह जल गईं। इसके अलावा कम्प्रेसर मशीन, जेसीबी, फोर्कलिफ्ट और गोदाम का अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। आग के कारण इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे प्रदूषण भी बढ़ गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ठाणे महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि समय रहते इलाके को सुरक्षित कर लिया गया था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
