Wednesday, November 25metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

कांदिवली के स्वयंभू डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज, भ्रामक इलाज के दावों पर FDA की कार्रवाई

पैरालिसिस से लेकर बायपास सर्जरी तक ठीक करने का दावा करने वाले उत्तम गौरीशंकर महेश्वरी के खिलाफ शिकायत

मुंबई । कांदिवली पूर्व स्थित आकुर्ली इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्वयं को डॉक्टर बताने वाले उत्तम गौरीशंकर महेश्वरी के खिलाफ कथित भ्रामक चिकित्सा दावों को लेकर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो में महेश्वरी ने पैरालिसिस, बायपास सर्जरी तथा किडनी और लिवर संबंधी गंभीर बीमारियों को बिना सर्जरी ठीक करने के दावे किए हैं। इन दावों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पंकज गुप्ता ने 30 अक्टूबर को अन्न व औषध प्रशासन (FDA) विभाग में शिकायत की थी।

शिकायत के आधार पर FDA की टीम ने 3 नवंबर को कार्रवाई करते हुए वहां मिली दवाइयां और औषधियां जब्त कीं। विभाग ने 5 नवंबर को पत्र के माध्यम से राजेश गुप्ता को इस कार्रवाई की जानकारी दी।

राजेश पंकज गुप्ता का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद आज भी संबंधित क्लिनिक का संचालन जारी है। उन्होंने दोबारा समतानगर पुलिस थाने को पत्र लिखकर FIR दर्ज करने और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस मामले में शिकायतकर्ता राजेश पंकज गुप्ता ने मेट्रो दिनांक से संपर्क कर अपना पक्ष रखा। वहीं, मेट्रो दिनांक ने उत्तम गौरीशंकर महेश्वरी से भी उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। यदि खबर प्रकाशित होने के बाद महेश्वरी अपना पक्ष रखना चाहते हैं, तो मेट्रो दिनांक उनके विचारों और प्रतिक्रिया को भी पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *