सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़कर जताया विरोध
सोनिया गांधी की ‘Belonging: A Journey of Love’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग
टीपू सुल्तान के समर्थन पर कांग्रेस और उद्धव गुट को घेरा
दाऊद की मुसाफिरखाना बिल्डिंग पर बुलडोजर कार्रवाई का किया समर्थन
मुंबई। मलाड पूर्व स्थित सांताराम तलाव के पास डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर गार्डन में सुबह स्वतंत्र वीर सावरकर के सम्मान में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद संजय निरुपम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वीर सावरकर का अपमान हिंदुस्तान बर्दाश्त नहीं करेगा।
संजय निरुपम ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में वीर सावरकर के संबंध में लिखी गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने किताब के विवादित दो पन्ने फाड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने मांग की कि जब तक प्रकाशक HarperCollins और संबंधित मुद्रक विवादित टिप्पणियों को हटाकर आवश्यक संशोधन नहीं करते, तब तक महाराष्ट्र में किताब के प्रसार पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
इस दौरान निरुपम ने टीपू सुल्तान के समर्थन और सम्मान को लेकर कांग्रेस तथा उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने हिंदू मंदिरों को तोड़े जाने से जुड़े टीपू सुल्तान के ऐतिहासिक विवादों का हवाला देते हुए सवाल उठाए कि आखिर ऐसे शासक के समर्थन में राजनीतिक दल क्यों खड़े होते हैं।
वहीं, देश से फरार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना बिल्डिंग पर बीएमसी की बुलडोजर कार्रवाई का भी निरुपम ने समर्थन किया। बता दें कि 19 नवंबर को बीएमसी ने भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच इस इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। बीएमसी ने इमारत को जर्जर और खतरनाक C-1 श्रेणी का बताते हुए तथा भिंडी बाजार पुनर्विकास परियोजना में प्रस्तावित सड़क के रास्ते में बाधा होने के कारण कार्रवाई की थी। इस इमारत में कभी दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार रहता था। निरुपम ने इस कार्रवाई के समर्थन में सरकार और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों की सराहना की।
अपने संबोधन में संजय निरुपम ने वीर सावरकर के सम्मान, राष्ट्रवादी विचारधारा और विपक्ष की राजनीति को लेकर कई सवाल उठाए। उनका यह विरोध प्रदर्शन मुंबई के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।
