मुंबई, साइबर अपराध के खिलाफ कुरार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से साइबर केवाईसी फ्रॉड की शिकार हुई महिला शशिकला जायसवाल को बड़ी राहत मिली है। कुरार पुलिस थाने के साइबर क्राइम अधिकारी अखिलेश बांबे और उनकी टीम के प्रयासों से ठगी के करीब 45 हजार रुपये वापस दिलाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब न्यायालय की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह रकम पीड़िता को वापस मिल जाएगी। यह सफलता कुरार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालाजी दहिफळे के मार्गदर्शन में हासिल हुई है।
जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने शशिकला जायसवाल को केवाईसी अपडेट के नाम पर अपने जाल में फंसाकर करीब 45 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। बैंक में शिकायत करने के बावजूद परेशान महिला को उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में कुरार पुलिस थाने के साइबर क्राइम अधिकारी अखिलेश बांबे ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए पीड़िता को आवश्यक प्रक्रिया समझाई।
इसके बाद उनकी मां सुशीला जायसवाल ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और शिकायत की कॉपी पुलिस अधिकारी को सौंपी। शिकायत मिलते ही अखिलेश बांबे और उनकी टीम ने सक्रियता दिखाते हुए ठगी की रकम वापस दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस के प्रयासों से अब करीब 45 हजार रुपये की वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
इस मौके पर साइबर क्राइम अधिकारी अखिलेश बांबे ने नागरिकों को जागरूक करते हुए बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बनाते हैं। कभी बैंक कर्मचारी, कभी एलपीजी गैस अधिकारी तो कभी पुलिस अधिकारी बनकर फोन करते हैं और लोगों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक डिटेल्स, एटीएम जानकारी या केवाईसी संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो घबराएं नहीं, तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और वापस दिलाने की संभावना बढ़ सकती है।
अखिलेश बांबे ने यह भी बताया कि कुरार पुलिस की टीम स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है, ताकि लोग साइबर ठगों के नए-नए तरीकों को समझ सकें और सतर्क रहें।
वहीं, पीड़िता शशिकला जायसवाल ने राहत की इस कार्रवाई के लिए कुरार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालाजी दहिफळे, साइबर क्राइम अधिकारी अखिलेश बांबे और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
कुरार पुलिस की यह कार्रवाई नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर चुप न रहें, समय पर शिकायत करें और पुलिस का सहयोग लें।
